
न्यूजीलैंड दौरे के लिए भारतीय टीम की घोषणा, श्रेयस अय्यर संभालेंगे T-20 टीम की कमान
नई दिल्ली- 06 अक्टूबर। न्यूजीलैंड के आगामी दौरे के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने टीम इंडिया और इंडिया-ए की टीमों का ऐलान कर दिया है। भारतीय टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज खेलेगी, जबकि इंडिया-ए को न्यूजीलैंड-ए के खिलाफ तीन मल्टी-डे मुकाबले खेलने हैं। वनडे और टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम की घोषणा बाद में की जाएगी।
श्रेयस अय्यर को मिली कप्तानी, तिलक होंगे उपकप्तान
टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम की कमान श्रेयस अय्यर को सौंपी गई है, जबकि तिलक वर्मा उपकप्तान होंगे। टीम में युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का संतुलन देखने को मिला है। अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, वैभव सूर्यवंशी और ईशान किशन जैसे खिलाड़ी टीम का हिस्सा हैं।
ऑलराउंडर के तौर पर अक्षर पटेल, शिवम दुबे, नितीश कुमार रेड्डी और नमन धीर को जगह मिली है। वहीं प्रिंस यादव, मयंक यादव, अर्शदीप सिंह, भुवनेश्वर कुमार, वरुण चक्रवर्ती और कुलदीप यादव गेंदबाजी आक्रमण को मजबूती देंगे।
नयूजीलैंड के खिलाफ श्रृंखला के लिए भुवनेश्वर कुमार की 4 साल बाद भारतीय टीम में वापसी हुई है। भुवनेश्वर कुमार ने टीम इंडिया के लिए आखिरी मैच नवंबर 2022 में न्यूजीलैंड के खिलाफ ही खेला था।
भारत की टी20 टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (उपकप्तान), अक्षर पटेल, शिवम दुबे, नितीश कुमार रेड्डी, नमन धीर, प्रिंस यादव, मयंक यादव, अर्शदीप सिंह, भुवनेश्वर कुमार, वरुण चक्रवर्ती और कुलदीप यादव।
इंडिया-ए में पंत की वापसी, ध्रुव जुरेल को कप्तानी
इंडिया-ए टीम में भी कई बड़े नाम शामिल हैं। यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल, साई सुदर्शन और ऋषभ पंत जैसे खिलाड़ियों को टीम में जगह मिली है। विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल को टीम की कप्तानी सौंपी गई है।
ऋषभ पंत की टीम में वापसी हालांकि उनकी फिटनेस पर निर्भर करेगी। टीम में वॉशिंगटन सुंदर, आकिब नबी, आकाश दीप, अंशुल कंबोज, मानव सुथार, मुकेश चौधरी और मुकेश कुमार भी शामिल हैं। रवीचंद्रन स्मरण और यश राठौड़ को भी टीम में जगह मिली है।
22 अक्टूबर से शुरू होगी टी20 सीरीज—
भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज की शुरुआत 22 अक्टूबर को क्राइस्टचर्च में होगी। दूसरा मुकाबला भी 24 अक्टूबर को क्राइस्टचर्च में खेला जाएगा। इसके बाद 27 अक्टूबर को वेलिंगटन, 30 अक्टूबर को ऑकलैंड और 01 नवंबर को हैमिल्टन में मुकाबला होगा।



