
MADHUBANI: थाना चौक पर अतिक्रमण पर चला चाबुक, तो वाहन ड्राइविंग टेस्टिंग ट्रैक पर मेहरबानी क्यों?
मधुबनी- 02 अक्टूबर। एक तरफ शहर के थाना चौक पर नगर निगम और ट्रैफिक पुलिस ने अतिक्रमण के खिलाफ चाबुक चलाते हुए सड़क को अतिक्रमण मुक्त करा दिया, वहीं दूसरी तरफ शहर के गंगासागर चौक स्थित सरकारी वाहन ड्राइविंग टेस्टिंग ट्रैक पर मेले के नाम पर हो रहे अतिक्रमण पर प्रशासन की आंखें बंद हैं। ट्रैक को लेकर प्रशासन की इस मेहरबानी पर अब सवाल उठने लगे हैं।
आज थाना चौक पर पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में सड़क किनारे लगे ठेले-खोमचे और दुकानों के बाहर रखे सामानों को हटाया गया। इस कार्रवाई की लोगों ने सराहना भी की, क्योंकि थाना चौक पर जाम की समस्या आम हो गई थी।
लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन की यह सख्ती सिर्फ थाना चौक तक ही सीमित क्यों है? गंगासागर चौक स्थित सरकारी ड्राइविंग टेस्टिंग ट्रैक पर इन दिनों मेला की दुकानों ने कब्जा जमा रखा है। ट्रैक पर अवैध पार्किंग और दुकानें लगा दी गई हैं, जिससे सरकारी संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचा है और ट्रैक की संरचना भी क्षतिग्रस्त हो रही है।
लोगों ने सवाल उठाया है कि जब थाना चौक को अतिक्रमण मुक्त कराया जा सकता है, तो ड्राइविंग टेस्टिंग ट्रैक को अतिक्रमण मुक्त क्यों नहीं कराया जा रहा? क्या अतिक्रमणकारियों पर प्रशासन की मेहरबानी है?
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि ट्रैक परिसर को हुई क्षति की भरपाई अतिक्रमण करने वालों से की जाए और अतिक्रमणकारियों पर एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाए।



