
बेटी ही देवी: नवरात्र प्रारंभ पर अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस का अद्भुत संयोग, काजोल पूर्वे करेंगी संगोष्ठी का आयोजन
मधुबनी, 02 अक्टूबर। इस बार 11 अक्टूबर का दिन अद्भुत और पावन संयोग लेकर आ रहा है। इसी दिन शारदीय नवरात्रि का प्रारंभ और कलश स्थापना (घटस्थापना) है और इसी दिन अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस भी मनाया जाएगा।
माँ दुर्गा की नौ रूपों की आराधना के पहले दिन ही बालिका दिवस का पड़ना यह संदेश देता है कि हमारी संस्कृति में बेटी ही देवी स्वरूपा है।
इस अद्भुत संयोग के अवसर पर समाजसेविका काजोल पूर्वे द्वारा शहर के महाराजगंज में ‘देवी स्वरूपिणी बालिका की पूजा हमारी संस्कृति’ विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा।
काजोल पूर्वे ने कहा कि नवरात्रि में हम नौ दिन कन्या पूजन करते हैं, वहीं अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस हमें बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण का संकल्प दिलाता है। दोनों पर्वों का एक ही दिन पड़ना हमारी सनातन परंपरा में नारी शक्ति के महत्व को दर्शाता है। संगोष्ठी में बालिका शिक्षा, भ्रूण हत्या पर रोक, बाल विवाह उन्मूलन और आत्मनिर्भर बालिका जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी।



