
MADHUBANI:- समाहरणालय भवन की नीलामी का कोर्ट ने दिया आदेश, 05 नवंबर को होगी नीलामी
मधुबनी- 01 अक्टूबर। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश पवन कुमार पांडेय की अदालत ने गुरुवार को मधुबनी समाहरणालय भवन का करीब एक चौथाई हिस्से की नीलामी की उद्घोषणा कर दी। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के आदेश के अनुपालन में नाजीर अवधेश कुमार एवं नायब नाजीर विकास कुमार ने समाहरणालय भवन परिसर में नीलामी संबंधी आदेश की प्रति चिपकाई। इसके अलावा निबंधन कार्यालय, वकालत खाना तथा व्यवहार न्यायालय परिसर में भी आदेश की प्रतियां चस्पा की गईं।
मधुबनी समाहरणालय भवन, निबंधन कार्यालय, कोर्ट परिसर एवं वकालत खाना में नीलामी की नोटिस देखकर लोग हैरान रह गए। नोटिस के अनुसार नीलामी प्रक्रिया की अंतिम तिथि 05 नवंबर 2026 निर्धारित है, 05 नवंबर सुबह 10 बजे कोर्ट परिसर में नीलामी की प्रक्रिया होगी। इजराय वाद संख्या-03/16 राधा कृष्ण एक्सपोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड बनाम पंडौल कोऑपरेटिव स्पाइनिंग मिल्स प्राइवेट लिमिटेड एवं अन्य के मामले में दिनांक 27 अगस्त 2026 को पारित आदेश पर नजारत की ओर से कार्रवाई की गई है।

इस मामले में राधा कृष्णा लिमिटेड के पक्ष में 4 करोड़ 17 लाख 24 हजार 559 रुपये की डिक्री पारित की गई थी। निर्धारित राशि का भुगतान नहीं होने पर न्यायालय ने संबंधित संपत्ति की नीलामी का आदेश दिया।
इधर अधिवक्ता सरोजानंद झा ने बताया कि नीलामी प्रक्रिया रोकने के लिए सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी जाएगी।
मधुबनी समाहरणालय भवन नीलामी की तिथि घोषित होने के बाद यह मामला जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है।



