
बाढ़ के बीच नीदरलैंड पहुंचीं BJP विधायक मैथिली ठाकुर, ‘इंडेलोस इंडिया फेस्टिवल’ में पेश की चैती
पटना- 28 सितंबर। दरभंगा जिले के अलीनगर से भाजपा विधायक और लोक गायिका मैथिली ठाकुर इन दिनों अपने नीदरलैंड दौरे को लेकर चर्चा में हैं। मैथिली ठाकुर नीदरलैंड में आयोजित ‘इंडेलोस इंडिया फेस्टिवल’ में शामिल होने गई थीं। वहां इंडिया हाउस में भारतीय राजदूत कुमार तुहिन द्वारा आयोजित विशेष कार्यक्रम में उन्होंने बिहार की लोक संस्कृति का प्रतिनिधित्व किया और पारंपरिक चैती ‘नैहर से केहू नहीं ऐले हो राम…’ गाकर समां बांध दिया।
बिहार में बाढ़ के हालात के बीच उनके विदेश दौरे और मुंबई में रॉल्स रॉयस में दिखने के वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर उन्हें ट्रोल किया जा रहा है। विपक्ष ने आरोप लगाया है कि एक तरफ राज्य बाढ़ से जूझ रहा है वहीं सत्ताधारी दल की विधायक विदेश यात्रा पर हैं। इस पर मैथिली ठाकुर ने जवाब देते हुए कहा है कि भगवान की कृपा से मेरे क्षेत्र अलीनगर में बाढ़ जैसी कोई स्थिति नहीं है और सोशल मीडिया पर उनके क्षेत्र को लेकर गलत बातें फैलाई जा रही हैं।



