
BIHAR:- गंडक नदी में बढ़ा जलस्तर, वाल्मीकिनगर बराज पर 4.24 लाख क्यूसेक पानी, सरकार अलर्ट मोड में: डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी
पटना- 27 सितंबर। उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने बताया कि नेपाल में गंडक नदी के जल अधिग्रहण क्षेत्र में पिछले 24 घंटे में सामान्य से काफी अधिक वर्षा हुई है। 27 सितंबर को 11 बजे पूर्वाह्न में वाल्मीकिनगर बराज पर 4,24,000 क्यूसेक जलश्राव प्रवाहित हो रहा था और इसमें बढ़ोतरी की प्रवृत्ति है। इसे देखते हुए सभी क्षेत्रीय पदाधिकारियों को 24 घंटे अलर्ट मोड में रखा गया है।
उप मुख्यमंत्री ने रविवार को अपने कार्यालय कक्ष में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि वाल्मीकिनगर बराज से करीब 80 किमी ऊपर नेपाल के देवघाट गेज स्थल के जलस्तर के अनुसार शाम तक बराज पर लगभग 5 लाख क्यूसेक या उससे अधिक जलश्राव आने की संभावना है।
उन्होंने कहा कि यह जलश्राव वर्ष 2024 के अधिकतम 5,62,500 क्यूसेक की तुलना में कम रहने की संभावना है, लेकिन विभाग पूरी सतर्कता बरत रहा है। तटबंधों की बेहतर निगरानी के लिए गंडक नदी के दोनों तटबंधों पर अतिरिक्त अभियंताओं की प्रतिनियुक्ति की गई है। सभी अभियंताओं को 24 घंटे चौकसी बरतने का निर्देश दिया गया है। किसी भी प्रकार की शिथिलता पर कड़ी कार्रवाई होगी।
उन्होंने बताया कि फिलहाल गंगा नदी का जलस्तर कम होने से गंडक के पानी की निकासी सुचारू रूप से हो रही है, इसलिए व्यापक जल-जमाव या गंभीर बाढ़ का खतरा नहीं है। स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। घबराने की जरूरत नहीं, सिर्फ सतर्क और सजग रहें।



