
ब्रिटेन में एयरबेस के पास दिखी संदिग्ध आतंकी गतिविधि, 5 गिरफ्तार
लंदन- 27 सितंबर। ब्रिटेन के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में अमेरिकी वायु सेना के इस्तेमाल किए जाने वाले एक एयरबेस के पास कथित संदिग्ध गतिविधि के मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। लंदन की मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने बताया कि इन लोगों पर ‘आतंकी गतिविधियों की साजिश’ के संदेह में कार्रवाई की गई है।
मेट्रोपॉलिटन पुलिस के अनुसार, ग्लॉस्टरशायर स्थित आरएएफ फेयरफोर्ड के पास रात के समय हुई एक घटना की जांच अब आतंकवाद रोधी पुलिस कर रही है। इससे पहले ग्लॉस्टरशायर पुलिस ने पांचों लोगों को विस्फोटक संबंधी कानून के तहत संदिग्ध अपराधों के आरोप में हिरासत में लिया था।
पुलिस के मुताबिक, आरएएफ फेयरफोर्ड ब्रिटिश वायु सेना का ठिकाना है और यहां अमेरिकी बमवर्षक विमानों का भी इस्तेमाल होता है। घटना के बाद सेना के बम निरोधक विशेषज्ञों को बुलाया गया, जिन्होंने कई वाहनों की जांच शुरू की।
पुलिस ने मामले को गंभीर मानते हुए ‘मेजर इंसीडेंट’ घोषित किया। स्काई न्यूज की हवाई तस्वीरों में तीन सफेद ट्रकों के आसपास बम निरोधक रोबोट को काम करते हुए देखा गया। इनमें से दो वाहनों के पिछले दरवाजे खुले थे और आसपास कुछ बड़े काले सामान बिखरे हुए दिखाई दे रहे थे।
फिलहाल पुलिस की जांच जारी है और गिरफ्तार किए गए पांचों लोगों की संदेहजनक परिस्थितियों के हिसाब से जांच की जा रही है।



