
MADHUBANI:- घोघरडीहा स्टेशन पर मिथलांचल संघर्ष समिति का धरना-प्रदर्शन शुरू, ट्रेनों के ठहराव की मांग
मधुबनी – 27 सितंबर। पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार आज सुबह 11 बजे से घोघरडीहा रेलवे स्टेशन पर मिथलांचल संघर्ष समिति का धरना-प्रदर्शन शुरू हो गया है। लंबी दूरी की एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव सहित 7 सूत्री मांगों को लेकर बड़ी संख्या में लोग स्टेशन परिसर में जुटे हैं।

समिति अध्यक्ष इं. गौरीशंकर यादव के नेतृत्व में प्रदर्शन किया जा रहा है। मौके पर समिति सचिव धर्मेंद्र कुमार मंडल, संयोजक शंकर झा,पंचायत समिति सदस्य सुशील कामत सहित बड़ी संख्या में लोग धरना-प्रदर्शन में मौजूद हैं। समिति अध्यक्ष गौरीशंकर यादव का कहना है कि घोघरडीहा समस्तीपुर मंडल के सर्वाधिक राजस्व देने वाले स्टेशनों में से एक है, फिर भी यहां लंबी दूरी की ट्रेनों का ठहराव नहीं दिया जा रहा, जिससे हजारों यात्रियों को परेशानी हो रही है।
समिति की 7 प्रमुख मांगें इस प्रकार हैं। 14627/14628 सहरसा-छरहट्टा एक्सप्रेस का ठहराव, 05735/05736 अमृतसर-कटिहार एक्सप्रेस का ठहराव, 14663/14664 न्यू जलपाईगुड़ी-अमृतसर एक्सप्रेस का नियमित ठहराव, घोघरडीहा से घोघेपुर तक नई रेल लाइन निर्माण, पूर्वी गुमटी से किसनीपट्टी मिलान पथ तक संपर्क पथ निर्माण, परसा-बसुआरी हॉल्ट पर यात्री सुविधाओं का विस्तार, चिकना हॉल्ट पर 13211/13212 जोगबनी-दानापुर एक्सप्रेस का ठहराव।
बारिश के बीच गरजे अध्यक्ष इं. गौरीशंकर यादव
घोघरडीहा रेलवे स्टेशन पर लंबी दूरी की ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए अध्यक्ष इं. गौरीशंकर यादव ने कहा कि खराब मौसम और भारी बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में लोग स्टेशन परिसर में डटे हुए हैं। इं. गौरीशंकर यादव ने कहा कि आज आसमान से बरसती बारिश और यह खराब मौसम हमारी राह रोकने की कोशिश कर रहा था, लेकिन लोगों की निष्ठा, साहस और एकजुटता के आगे मौसम का मिजाज भी छोटा पड़ गया।
उन्होंने कहा कि जब इरादे मजबूत हों तो कोई भी विपरीत परिस्थिति कदम नहीं रोक सकती। लोगों ने भारी बारिश में भीगते हुए यह साबित कर दिया है कि हमारी मांगें सिर्फ कागजी नहीं हैं, बल्कि यह हमारे अधिकार और आत्मसम्मान की लड़ाई है।



