बिहार

रेल मंत्री ने छपरा-आनंद विहार सुपरफास्ट एक्सप्रेस को दिखाई हरी झंडी, बिहार में बुलेट ट्रेन लाने की घोषणा

सारण- 19 जून। सारण जिले के लोगों के लिए शुक्रवार का दिन तब ऐतिहासिक बन गया, जब केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने छपरा जंक्शन से आनंद विहार साप्ताहिक सुपरफास्ट एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। नई ट्रेन सेवा की शुरुआत से क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल देखा गया। लोगों ने इसे दिल्ली-एनसीआर से बेहतर रेल संपर्क की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

इससे पहले पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव विशेष ट्रेन से छपरा पहुंचे और स्टेशन परिसर में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि छपरा की धरती ऐतिहासिक और प्रेरणादायी रही है। इसी धरती ने देश को लोकनायक जयप्रकाश नारायण जैसा महान व्यक्तित्व दिया, जिन्होंने आपातकाल के दौरान लोकतंत्र और स्वतंत्रता की रक्षा के लिए संघर्ष किया।

रेल मंत्री ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, सांसद राजीव प्रताप रूडी, सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल तथा अन्य जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बिहार में रेलवे विकास को अभूतपूर्व गति मिली है। उन्होंने कहा कि पहले बिहार को रेलवे परियोजनाओं के लिए सीमित बजट मिलता था, लेकिन अब रेल बजट को बढ़ाकर 10 हजार करोड़ रुपये कर दिया गया है।

रेल मंत्री ने कहा कि इस बढ़े हुए बजट का परिणाम पूरे बिहार में दिखाई दे रहा है। राज्य में नई रेल लाइनों का निर्माण, तीसरी और चौथी लाइन बिछाने का कार्य, रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण तथा स्टेशनों के आधुनिकीकरण का काम तेजी से चल रहा है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत बिहार के 98 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है।

अश्विनी वैष्णव ने बताया कि वर्तमान में बिहार में 11 अमृत भारत एक्सप्रेस और 14 वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों का सफल संचालन हो रहा है। आने वाले वर्षों में बिहार को बुलेट ट्रेन परियोजना का भी लाभ मिलेगा। प्रस्तावित बुलेट ट्रेन कॉरिडोर लखनऊ-वाराणसी-पटना-सिलीगुड़ी मार्ग पर विकसित किया जाएगा। इसके पूरा होने के बाद दिल्ली से पटना की यात्रा मात्र चार घंटे 41 मिनट में पूरी हो सकेगी।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से बिहार में एक लाख करोड़ रुपये से अधिक की रेलवे परियोजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। राज्य को प्रतिवर्ष लगभग आठ से दस हजार करोड़ रुपये रेलवे विकास के लिए आवंटित किए जा रहे हैं। इसके परिणामस्वरूप बिहार के 38 में से 36 जिले प्रभावी रूप से रेलवे नेटवर्क से जुड़ चुके हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रेलवे परियोजनाओं से राज्य में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और लोगों को बेहतर यातायात सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और रेल मंत्रालय का आभार जताते हुए कहा कि बिहार के समग्र विकास में रेलवे की महत्वपूर्ण भूमिका है।

दोपहर लगभग 2:25 बजे केंद्रीय रेल मंत्री और मुख्यमंत्री ने संयुक्त रूप से नई ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। नियमित परिचालन के तहत गाड़ी संख्या 12527 छपरा-आनंद विहार एक्सप्रेस प्रत्येक रविवार को रात 8:50 बजे छपरा से प्रस्थान कर अगले दिन दोपहर 2:00 बजे आनंद विहार टर्मिनस पहुंचेगी। वहीं गाड़ी संख्या 12528 आनंद विहार-छपरा एक्सप्रेस प्रत्येक सोमवार को शाम 4:25 बजे आनंद विहार से रवाना होकर अगले दिन सुबह 9:40 बजे छपरा पहुंचेगी।

यह सुपरफास्ट ट्रेन बलिया, मऊ, आजमगढ़, शाहगंज, जौनपुर, सुल्तानपुर, लखनऊ, कानपुर सेंट्रल, अलीगढ़ और गाजियाबाद स्टेशनों पर ठहरेगी। नई रेल सेवा से छात्रों, किसानों, व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों और पर्यटकों को विशेष सुविधा मिलेगी तथा सारण क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को नई गति मिलेगी।

कार्यक्रम में सांसद राजीव प्रताप रूडी, सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, विधान परिषद सदस्य वीरेंद्र नारायण यादव, सच्चिदानंद राय, विधायक जनक सिंह, विनय सिंह, मनोरंजन सिंह उर्फ धुमल, छोटी कुमारी सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इसके अलावा पूर्वोत्तर रेलवे एवं पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक, जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव, वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार तथा मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी भी समारोह में मौजूद रहे।

सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), जीआरपी और जिला पुलिस के जवानों की व्यापक तैनाती की गई थी।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button