
मधुबनी शहर में सड़क से ऊंचा नाला बना आफत, जलजमाव से लोग परेशान, लोगों ने दी धरना-प्रदर्शन की चेतावनी
मधुबनी- 25 सितंबर। दो दिन की बारिश के बाद शहर में बन रहे सड़क से ऊंचे नाले का खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ रहा है। नाले की ऊंचाई सड़क से अधिक होने से सड़कें कीचड़ और गंदे पानी से लबालब हैं, जिस पर आवाजाही मुश्किल हो गई है। एक तरफ सड़क से ऊंचा नया नाला, दूसरी तरफ बदहाल, कीचड़ भरी सड़क। यही है नगर निगम के विकास की हकीकत।
नगर निगम द्वारा वार्ड 22 के जलधारी चौक से संस्कृत उच्च विद्यालय होकर पंचवटी चौक की ओर सड़क के एक ओर ऊंचा नाला बनाया जा रहा है। वहीं, राघोनगर चौक से पुरानी दुर्गा मंदिर, पंचवटी चौक से मस्जिद चौक तक, पं. बीएन झा कॉलोनी, उगना कॉलोनी सहित एक दर्जन से अधिक वार्डों में सड़क से ऊंचा नाला बनाया गया है। नालों की गहराई और निकासी पर ध्यान नहीं दिया गया, कई जगहों पर तो नालों का कोई आउटलेट ही नहीं है। करोड़ों खर्च के बाद भी जलभराव की समस्या बनी हुई है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह निर्माण पूरी तरह इंजीनियर और संवेदक की मनमानी का नतीजा है। नियमानुसार नाला सड़क के लेवल से नीचे या बराबर होना चाहिए ताकि पानी का गुरुत्वाकर्षण से निकास हो सके। नगर विकास विभाग की गाइडलाइन में भी साफ है कि नाले का तल सड़क के तल से 15 से 30 सेमी नीचा होना चाहिए। 15वें वित्त आयोग की गाइडलाइन में भी यही प्रावधान है। लेकिन यहां उल्टा कर दिया गया है। जलनिकासी के लिए बना नाला ही अब जलजमाव का कारण बन गया है।
स्थानीय लोगों ने इस मामले पर कड़ी आपत्ति जताई है और जिलाधिकारी से इस पूरे निर्माण की उच्चस्तरीय जांच कर दोषी संवेदक व संबंधित इंजीनियर पर कार्रवाई की मांग की है। चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र सुधार नहीं हुआ तो निगम कार्यालय पर धरना दिया जाएगा।



