[the_ad id='16714']

 हमारी पार्टी का कोई सदस्य भाजपा के संपर्क में नहीं: CM नीतीश

पटना- 24 जनवरी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को अनुग्रह नारायण महाविद्यालय परिसर में स्व. सत्येंद्र नारायण सिन्हा की आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया तथा श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी का कोई भी सदस्य भाजपा के सम्पर्क में नहीं है।

उन्होंने कहा कि बिहार में पहले हमारी पार्टी के 45 लाख सदस्य थे। इस बार इसमें बढ़ोतरी हुई है। जो खुद उनलोगों के संपर्क में रहना चाहते हैं वही ये सब बोलते रहते हैं। केन्द्रीय बजट में बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने की मांग पर पत्रकारों के पूछे गए प्रश्नों के उत्तर में सीएम ने कहा कि हम शुरू से ही यह मांग कर रहे हैं लेकिन बिहार को विशेष राज्य का दर्जा नहीं मिला। हमलोग तो अपने स्तर से प्रयास कर ही रहे हैं। केंद्र सरकार को देखना चाहिए कि हर राज्य का और देश का विकास हो। बिहार का विकास करना चाहते हैं तो बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।

सीएम ने कहा कि हमलोग विकास का और ज्यादा काम करवाना चाहते हैं विशेष राज्य का दर्जा नहीं मिल पा रहा है तो विकास कार्यों के लिए हमलोग कर्ज लेना चाहते हैं, उस पर भी रोक लगाए हुए हैं। इसका मतलब है कि जो गरीब राज्य है वह कर्ज भी नहीं ले सकता है, फिर आगे वह कैसे बढ़ेगा। ये लोग कौन काम कर रहे हैं। इसके पहले केंद्र सरकार आज तक इतना इंटरफेरेंस नहीं करती थी। हमलोग बिहार के विकास के लिए लगातार काम कर रहे हैं। केंद्रीय बजट से क्या मिलेगा वो तो समय आने पर पता चलेगा।

भाजपा से अलग होने के बाद समस्या उत्पन्न होने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वे क्या दिक्कत करेंगे वे तो अपने लिए कर रहे हैं। उनको गरीब राज्यों को मदद नहीं करना है तो नहीं कर रहे हैं। साथ में थे तब भी नहीं कर रहे थे। वे अपना प्रचार करते रहेंगे लेकिन इससे कुछ फायदा होनेवाला नहीं है। हम तो लोगों के बीच जा रहे हैं। हम जहां जाते हैं वहां लोगों से मिल रहे हैं। सब लोग खुश दिखाई दे रहे हैं। गरीब-गुरबा के लिए काफी काम हुआ है। जीविका दीदियां भी अच्छा काम कर रही हैं। हम सबके विकास के लिए काम कर रहे हैं और जहां जरूरत है वहां काम किया जाएगा। मैं केवल गांव और शहर की बात नहीं कर रहा हूं।

सीएम ने कहा कि एएन कॉलेज बहुत पुराना और नामी जगह है अब यह और अच्छा बन गया है। छात्र-छात्राएं और बेहतर ढंग से पढ़ाई करेंगी तो उन्हें अच्छा लगेगा। मैं सभी लोगों को बधाई देता हूं, आगे बढ़ें और जीवन में खूब अच्छा करें।

lakshyatak
Author: lakshyatak

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!