
MADHUBANI:- रहिका थाना पुलिस की कार्रवाई में सप्ता से 100 कार्टन शराब जब्त, पिकअप चालक फरार
मधुबनी- 20 सितंबर। रहिका थाना क्षेत्र के सप्ता से पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 876 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की। शराब पिकअप वाहन में 100 कार्टून में लदी थी। पुलिस ने शराब समेत पिकअप को जब्त कर लिया, जबकि चालक मौके से फरार हो गया। रहिका थाना पुलिस की टीम दिवा गश्ती पर थी। इसी दौरान संदिग्ध पिकअप वाहन को देखकर पुलिस ने उसे रोककर जांच की। परि. पु.अ.नि. इंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने वाहन की तलाशी ली। तलाशी के दौरान पिकअप से 100 कार्टून में कुल 876 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार, शराब की खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था, इसकी जांच की जा रही है। फरार चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। साथ ही शराब कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी भी जुटाई जा रही है।
थानाध्यक्ष आनंद कश्यप ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई। दिवा गश्ती के दौरान शक के आधार पर पिकअप को रोककर जांच की गई, जिसमें शराब बरामद हुई। चालक मौके से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस कार्रवाई कर रही है।



