
सोनाली मर्डर मिस्ट्री: परिजनों की CBI जांच की मांग का ग्रामीणों ने भी किया समर्थन
फतेहाबाद- 28 अगस्त। भाजपा नेत्री एवं फतेहाबाद के गांव भूथनकलां की बेटी सोनाली फोगाट की मौत के बाद इस घटना की सीबीआई जांच की मांग तेज होने लगी है। सोनाली के परिजनों ने जहां गत दिवस प्रदेश के मुख्यमंत्री से मिलकर सीबीआई जांच की मांग की थी, वहीं अब सोनाली के गांव भूथनकलां के लोग भी खुलकर सीबीआई जांच करवाकर मामले का पूरी सच्चाई सामने लाने की मांग कर रहे हैं।
सोनाली की मौत के बाद से गांव भूथनकलां में मातम पसरा हुआ है। उनके घर शोक जताने वालों का तांता लगा हुआ है। सोनाली के माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। सोनाली के माता और पिता दोनों ही भूथनकलां घर पर बैठे हुए हैं, जिनके पास रिश्तेदार, गांववासी तथा आसपास के एरिया के लोग शोक व्यक्त करने के लिए पहुंच रहे है। उनके दोनों बेटे रिंकू व वतन ढाका सोनाली के फॉर्म हाउस पर उनकी बेटी यशोधरा के पास गए हुए है।
सोनाली की माता-पिता ने गोवा पुलिस को दी शिकायत में रिन्कू ढाका द्वारा लगाए गए आरोपों को सही बताया है। शिकायत में कहा गया है कि सोनाली फोगाट के साथ नशीला पदार्थ खिलाकर 3 वर्ष पहले सुधीर सांगवान ने दुष्कर्म किया था और उसकी वीडियो बना ली गई थी। उपरोक्त वीडियो के माध्यम से सुधीर सांगवान लोगों की नजरों में पीए बनकर सोनाली फोगाट को अपने इशारे पर नचा रहा था। सोनाली की मां संतोष देवी का कहना है कि वह जब भी सोनाली से बात करने के लिए फोन करती तो सुधीर सांगवान उन्हें मीटिंग या अन्य कार्य में व्यस्त होने का हवाला देकर टरका देता था। सुधीर की नियत सोनाली की करोड़ों की संपत्ति हड़पने की थी।
सोनाली की मां संतोष ने कहा कि उसकी बेटी पिछले कई महीनों से घुट घुटकर जी रही थी। उसके पीए सुधीर सांगवान ने उसकी बेटी के साथ घिनौना षड्यंत्र रच कर उसे मौत की नींद सुला दिया। उनका कहना है कि सोनाली के हत्यारों को फांसी के फंदे पर लटकाने के लिए मै मरते दम तक कानूनी लड़ाई लडूंगी।
गांव भूथनकलां के निवर्तमान सरपंच महेन्द्र सिंह का कहना है कि गांव का हर व्यक्ति सोनाली की मौत के बाद सदमे में है। परिवार के लोग पहले ही सीएम से मिलकर सीबीआई जांच की मांग कर चुके हैं। सोनाली की मौत के पीछे के कारणों का पता लगाकर दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जानी चाहिए। गांव के राजकुमार का कहना है कि सोनाली ने अपने जोश और जज्बे के बल पर बिग बॉस से लेकर राजनीति के सफर तक उच्च मुकाम हासिल किया। उन्होंने कहा कि सुधीर सांगवान सोनाली फोगाट की संपत्ति हड़पना चाहता है या इसके पीछे कोई राजनीतिक स्टंट है, इसकी सीबीआई जांच होनी चाहिए।



