लखनऊ- 13 नवम्बर। बीजेपी लोकतंत्र और संविधान को कमजोर करने में जुटी है। एकता, समानता और भाईचारे के खिलाफ साजिशें हो रही हैं। आम जनता की गाढ़ी कमाई को विभिन्न तरीकों से निकालकर चंद उद्योगपति मित्रों की जेब में डालने का षडयंत्र हो रहा है। इससे चिंतित आज लाखों किसान, युवा, महिलाएं व बच्चें अपने भविष्य और लोकतांत्रिक मूल्यों को बचाने के लिए कांग्रेस पार्टी से तेजी से जुड़ रहे हैं। ये बातें पूर्व मंत्री व कांग्रेस सांगठनीक प्रांतीय अध्यक्ष नकुल दुबे ने कही।
वे प्रदेश मुख्यालय पर सैकड़ों सामाजिक कार्यकर्ताओं को पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराने के दौरान हुए समारोह में बोल रहे थे। इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता राजेश कुमार जायसवाल, अजय जायसवाल- अध्यक्ष (जायसवाल समाज) आसिफ, मो0 जुबैर, राकेश सोनकर, अखिलेश आदि को पार्टी की सदस्यता दिलाई गयी। नकुल दुबे ने कहा कि राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा के माध्यम से देश को सांस्कृतिक और सामाजिक तौर पर मजबूत कर रहे हैं। जनता के असल मुद्दों और उनके मजबूत सवालों को मोदी सरकार तक पहुंचा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि बीजेपी देश में नफरत और बंटवारे की सोच को बुलंद करना चाहती है। देश को आजाद कराने से लेकर वर्षाें से विकास की गंगा बहाने वाली कांग्रेस पार्टी की सद्भाव और विकास की रणनीति के आगे ज्यादा दिन तक नहीं टिक पाएगी। आगामी विधानसभा चुनाव भाजपा की जुमलेबाजी झूठ फरेब आर्थिक अराजकता के खिलाफ और कांग्रेस के भारत जोड़ो अभियान के बीच होगा।
