नई दिल्ली- 07 अक्टूबर। आर्थिक र्मोचे पर झटका लगने वाली खबर है। देश के विदेशी मुद्रा भंडार में लगातार 9वें हफ्ते भी गिरावट आई है। विदेशी मुद्रा भंडार 30 सितंबर को समाप्त हफ्ते में 4.854 अरब डॉलर घटकर 532.664 अरब डॉलर रह गया है। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) ने शुक्रवार को जारी आंकड़ों में यह जानकारी दी।
आरबीआई के मुताबिक विदेशी मुद्रा भंडार में यह कमी विदेशी मुद्रा परिसंपत्ति (एफसीए) में आई गिरावट की वजह से आई है। आंकड़ों के मुताबिक विदेशी मुद्रा भंडार 30 सितंबर को समाप्त हफ्ते में 4.854 अरब डॉलर घटकर 532.664 अरब डॉलर रह गया है। इससे पहले 23 सितंबर को समाप्त हफ्ते में यह 8.134 अरब डॉलर घटकर 537.518 अरब डॉलर रह गया था।
रिजर्व बैंक के आंकड़ों के मुताबिक 30 सितंबर को समाप्त हफ्ते में एफसीए 4.406 अरब डॉलर घटकर 472.807 अरब डॉलर रह गया। इस दौरान स्वर्ण भंडार का मूल्य 28.1 करोड़ डॉलर घटकर 37.605 अरब डॉलर रह गया है। अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के पास जमा विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) 4.826 अरब अमेरिकी डॉलर पर अपरिवर्तित रहा है।
उल्लेखनीय है कि रिजर्व बैंक के आंकड़ों के मुताबिक देश का विदेशी मुद्रा भंडार घटकर जुलाई, 2020 के न्यूनतम स्तर पर आ गया है, जो 27 महीने का न्यूनतम स्तर है। वित्त वर्ष 2022-23 की शुरुआत के समय विदेशी मुद्रा भंडार 607 अरब डॉलर पर था। हालांकि, अक्टूबर 2021 में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 645 अरब डॉलर के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया था। इस लिहाज से इसमें 110 बिलियन डॉलर से ज्यादा की गिरावट आई है।
