
प्रतिबंधित कफ सीरप के कारोबार का मुख्य सरगना खुर्शीद गिरफ्तार
अररिया- 26 अगस्त। फारबिसगंज थाना पुलिस ने प्रतिबन्धित कोडिन युक्त कफ सीरप कारोबार के मामले में फरार चल रहे मुख्य सरगना मो.खुर्शीद को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। मो.खुर्शीद पिता-मो.यूसुफ को ताराबाड़ी थाना क्षेत्र के बटुरबाड़ी,वार्ड संख्या-12 स्थित घर से गिरफ्तार किया है।पुलिस को लाखों रुपये मूल्य के कफ सीरप बरामदगी मामले में इसकी तलाश थी।17 जून 2022 को थाना कांड संख्या-621/22 और 20 मई 2022 को दर्ज प्रथमिकी कांड संख्या-532/22 में तलाश थी।दोनों कांडों में पुलिस ने गुप्त सूचना पर लाखों रुपये मूल्य के प्रतिबन्धित कफ सीरप को बरामद किया था।कांड संख्या-621/22 में दो की गिरफ्तारी हुई थी वहीं कांड संख्या-532/22 में 11 आदमी को गिरफ्तार किया गया था। लेकिन यह मास्टरमाइंड लगातार पुलिस को चकमा देकर फरार हो जा रहा था।लेकिन बीती रात पुलिस ने उसके आवास से उसे गिरफ्तार किया।
उल्लेखनीय है कि गुप्त सूचना पर रामपुर ओवरब्रिज के पास नेशनल हाइवे एनएच 57 फोरलेन सड़क पर कार्रवाई करते हुए पटना से लाया जा रहा सात लाख रुपये मूल्य के भारी मात्रा में नशीली प्रतिबन्धित कोडिनयुक्त कफ सीरप बरामद किया।पुलिस ने नशीली प्रतिबंधित कफ सीरप को ढोकर लाये जा रहे आल्टो कार को जब्त करते हुए ताराबाड़ी थाना क्षेत्र के बटुरबाड़ी के रहने वाले मो.याकूब पिता-मो.कलीमुद्दीन को गिरफ्तार किया।जबकि कार्रवाई के दौरान पुलिस को चकमा देकर खुर्शीद फरार होने में कामयाब रहा था।रामपुर ओवरब्रिज के यर्स पुलिसिया कार्रवाई के दौरान आरोपी ने पुलिस जवान को गाड़ी से कुचलने की भी नाकाम कोशिश की थी।इससे पहले भी फोरलेन सड़क पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लाखों रुपये मूल्य के प्रतिबन्धित कोडिन युक्त कफ सीरप बरामद किया था।



