पटना- 22 जून। पटना में देश विपक्षी दलों के शीर्ष नेताओं के आगमन पर पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी ने कहा कि देश में आपातकाल लगाने वाले, जे.पी. को गिरफ्तार कर जेल में बन्द करने वाले, लोकतंत्र की हत्या करने वाले, प्रेस की आजादी पर सेन्सरशिप के माध्यम से अंकुश लगाने वाले जे.पी. की धरती पर आ रहे हैं और लोकतंत्र की दुहाई दे रहे हैं।
राज्यसभा सदस्य सुशील मोदी ने गुरुवार को यहां कहा कि लोकतंत्र खतरे में नहीं बल्कि विपक्षी एकता वाले दलों का परिवार खतरे में है। ये अपने-अपने परिवार की राजनीति को बचाने में लगे हैं। तीन-चार दलों को छोड़कर शेष सभी पार्टियां परिवारवादी पार्टियां हैं।
मोदी ने कि कहा कि सत्तापक्ष के भ्रष्टाचार के खिलाफ विपक्ष एकजुट होता रहा है परन्तु पहली बार सत्तापक्ष विपक्ष के भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ रहा है। जे.पी. की धरती परिवारवादी और भ्रष्टाचार में डूबी पार्टियों को नकार कर 40 में से 40 सीटें जे.पी. के सपनों को पूरा करने वाली पार्टी को देगी।
