
सरकार की गलत नीतियों से हो रहा मानवाधिकार का हननःविधायक
मधुबनी-09 दिसंबर। स्थानीय राजद विधायक समीर कुमार महासेठ ने कहा कि सरकार की गलत नीतियों के कारण समाज के 70 प्रतिशत लोगों के मानवाधिकार का हनन हो रहा है। वे मानवाधिकार दिवस की पूर्व संध्या पर गिलेशन बाजार स्थित ‘मानवाधिकार की रक्षा‘ विषय पर परिचर्चा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मानव अधिकार का हनन कभी जानबूझ किया जाना अपराध की श्रेणी में आता है। मानव अधिकार को जानने से ज्यादा मानने की जरूरत है। प्रत्येक लोगों को शिक्षा,स्वास्थ्य, स्वच्छता,समानता का अधिकार है। लोगों को अपने अधिकार के प्रति सजग रहने से ही उनके अधिकार की रक्षा होगी। कोरोना गाइडलाइन के अनुरूप मंडल कारा सहित जिले के अन्य उप कारा में मानवाधिकार का उल्लंघन हो रहा है। कारा में बंदियों के लिए बेड,शौचालय,चापाकल,भोजन,स्वास्थ्य सुविधा जैसे अधिकारों की अनदेखी हो रही है। कारा में बंदियों के कोविड वैक्सीनेशन के अधिकार की समीक्षा किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि स्कूल,कॉलेज हॉस्पिटल,रेलवे स्टेशन,बस स्टैंड व विभिन्न बाजारों में लोगों को मानवाधिकार से वंचित होना पड़ रहा है। लोगों को स्वच्छ वातावरण में रहने का अधिकार भी नहीं मिल रहा है। शहरी क्षेत्र में जगह-जगह कूड़ा के कारण दूषित वातावरण में लोगों को रहना पड़ रहा है। शहरी क्षेत्र में कचरा निस्तारण के लिए कम से कम दस बीघा जमीन चिन्हित कचरा निस्तारण की व्यवस्था करना चाहिए। ताकि लोगों को स्वच्छ वातावरण नसीब हो सके। मौके पर रत्नेश्वर राय,जीवछ यादव,अर्जुन पंजियार सहित अन्य लोगों ने संबोधित किया।



