
रिश्वत लेते महिला दरोगा का कथित वीडियो वायरल, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप
वैशाली, 26 नवंबर। बिहार के वैशाली जिले में रिश्वतखोरी का कथित वीडियो वायरल होने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। कटहरा थाना में कार्यरत महिला पुलिस अवर निरीक्षक नेहा सिन्हा का कथित तौर पर रिश्वत लेते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है।
वायरल वीडियो में महिला दरोगा एक व्यक्ति से पैसे लेते हुए दिखाई दे रही हैं। बताया जा रहा है कि वीडियो कटहरा थाना परिसर के समीप स्थित चौकीदार शेड का है और करीब दो महीने पुराना है। पैसे के लेनदेन की वजह को लेकर कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए महुआ एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने बताया कि वीडियो की सत्यता, समय, स्थान और उसमें दिखाई दे रहे लोगों की पहचान की जांच की जा रही है। जांच में दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



