
मधुबनी की संस्था को राष्ट्रीय सम्मान, सर्वो प्रयास संस्थान को मिला 10वां Martha Farrell Award
पटना- 29 सितंबर। बिहार के मधुबनी जिले के लिए गर्व की खबर है। ग्रामीण मधुबनी से उठी सामाजिक संस्था सर्वो प्रयास संस्थान (SPS) को देश के प्रतिष्ठित 10वें Martha Farrell Award में ‘Best Organisation for Gender Equality’ के सम्मान से नवाजा गया है।.यह पुरस्कार समारोह विश्व युवा केंद्र, नई दिल्ली में आयोजित हुआ। संस्था को यह सम्मान महिला सशक्तिकरण और लैंगिक समानता के क्षेत्र में जमीनी स्तर पर किए जा रहे सतत और सराहनीय प्रयासों के लिए दिया गया है।
256 नामांकनों में अव्वल रहा SPS—
Martha Farrell Foundation को इस वर्ष देशभर से 139 व्यक्तिगत और 117 संगठनात्मक यानी कुल 256 नामांकन प्राप्त हुए थे। संगठन श्रेणी में 8 फाइनलिस्ट के बीच मधुबनी के सर्वो प्रयास संस्थान को विजेता चुना गया। यह इस बात को रेखांकित करता है कि ग्रामीण बिहार से भी राष्ट्रीय स्तर पर बदलाव की कहानी लिखी जा सकती है।
क्या काम कर रहा है सर्वो प्रयास संस्थान? 2004 में स्थापित यह संस्था पिछले 22 सालों से बाल संरक्षण, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा और आजीविका के क्षेत्र में काम कर रही है।
निर्मला देवी ने कहा- यह सम्मान समुदाय का है
पुरस्कार ग्रहण करते हुए SPS की नेतृत्वकर्ता निर्मला देवी ने कहा, यह सम्मान केवल संस्था की यात्रा का सम्मान नहीं, बल्कि उन सभी लोगों के सामूहिक प्रयासों की पहचान है जो समुदाय के साथ कदम से कदम मिलाकर चलते रहे हैं। यह सम्मान हमें और अधिक जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता के साथ समुदाय की सेवा जारी रखने के लिए प्रेरित करता है।
मधुबनी जिले के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी बड़ी है क्योंकि अक्सर राष्ट्रीय पुरस्कार बड़े शहरों की संस्थाओं को मिलते हैं, लेकिन सर्वो प्रयास ने साबित कर दिया कि बदलाव की असली प्रयोगशाला गांव में ही है।



