
मधुबनी में मिसाल: नाला निर्माण के लिए पूर्व वार्ड पार्षद ने खुद हटाया अतिक्रमण, वार्ड 42 के दर्जनों लोगों ने दिखाई जागरूकता
मधुबनी- 29 सितंबर। नगर निगम क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर जनप्रतिनिधि खुद मिसाल पेश करें तो तस्वीर बदलते देर नहीं लगती। ऐसा ही नजारा मधुबनी नगर निगम के वार्ड संख्या 42 में देखने को मिला। यहां नाला निर्माण को लेकर अतिक्रमण बाधा बन रहा था, लेकिन वार्ड 30 की पूर्व वार्ड पार्षद बबीता देवी और उनके पति रामउद्गार यादव ने एक अनोखी पहल की है। उन्होंने स्वयं अपने आवासीय परिसर के आगे अतिक्रमण खाली करना शुरू कर दिया।
बताया गया कि नाला निर्माण के लिए कुछ माह पूर्व रहिका अंचल प्रशासन और नगर निगम प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में मापी कार्य किया गया था। इसके बाद निगम द्वारा अतिक्रमण खाली करने के लिए लोगों को सूचना भी दी गई थी। पूर्व पार्षद पति की पहल का असर यह हुआ कि वार्ड के दर्जनों लोगों ने आगे बढ़कर स्वेच्छा से अतिक्रमण हटा लिया, ताकि नाला निर्माण कार्य में बाधा न आए।
स्थानीय लोगों की इस जागरूकता के कारण वार्ड के कई हिस्सों में नाला निर्माण का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि अन्य बचे हिस्सों में निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है।
वार्ड पार्षद प्रभावती देवी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि जब जनप्रतिनिधि खुद आगे आते हैं तो आम लोगों में भी विकास कार्यों के प्रति सहयोग की भावना बढ़ती है।



