
MADHUBANI: अब बेनीपट्टी-पुपरी में भी गूंजेगी ट्रेन की सीटी, मिथिलांचल को मिली बड़ी सौगात: विभय झा
मधुबनी- 25 मई। मिथिलांचल के लाखों लोगों का दशकों पुराना सपना अब साकार होने की दिशा में तेजी से बढ़ रहा है। केंद्र सरकार और बिहार सरकार की पहल पर मधुबनी-बेनीपट्टी-पुपरी नई रेल लाइन परियोजना को मंजूरी मिलने के बाद पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। लोकजनशक्ति पार्टी के युवा राष्ट्ीय उपाध्यक्ष सह प्रवक्ता डॉ विभय कुमार झा ने कहा कि रेल मंत्रालय द्वारा मधुबनी-कमतौल एवं मधुबनी-जनकपुर रोड रेल परियोजना के सर्वेक्षण को आधिकारिक हरी झंडी मिलने से बेनीपट्टी सहित पूरे मिथिलांचल के विकास के नए द्वार खुल गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यह ऐतिहासिक निर्णय न केवल क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करेगा, बल्कि व्यापार, रोजगार, शिक्षा, पर्यटन और आवागमन को भी नई रफ्तार देगा। क्षेत्र के लोग इसे बेनीपट्टी के विकास का ऐतिहासिक क्षण मान रहे हैं।
आखिर यह परियोजना मिथिला के लिए कैसे संभव हो पाया है ? इसके जवाब में लोजपा नेता डॉ विभय कुमार झा ने कहा कि इस महत्वपूर्ण परियोजना को मंजूरी दिलाने का श्रेय बेनीपट्टी के विधायक श्री विनोद नारायण झा के निरंतर प्रयासों को देने में कोई दिक्कत नहीं है। हालांकि, इसके साथ ही क्षेत्र के तमाम नेता जो विकास चाहते हैं, सभी ने समय—समय पर इसके लिए सरकार से मांग किया है। एनडीए की सरकार ने आखिरकार इसे सच कर दिया है। डॉ विभय झा ने कहा कि मेरे लिए यह हर्ष का विषय है कि मेरे पिताजी और क्षेत्रीय विधायक श्री विनोद नारायाण झा ने वर्षों से इस मुद्दे को रेल मंत्रालय और केंद्र सरकार के समक्ष मजबूती से उठाया। तकनीकी और व्यावहारिक पहलुओं को विस्तार से प्रस्तुत कर उन्होंने इस परियोजना को स्वीकृति दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
स्थानीय लोगों का भी कहना है कि है कि विधायक के अथक प्रयासों का ही परिणाम है कि आज यह परियोजना धरातल पर उतरने की दिशा में आगे बढ़ रही है। प्रस्तावित रेल लाइन मधुबनी से शुरू होकर बेनीपट्टी होते हुए पुपरी तक जाएगी। लगभग 45 किलोमीटर लंबी यह रेल लाइन क्षेत्र को रेलवे नेटवर्क से जोड़ने का काम करेगी।
डॉ विभय कुमार झा ने बताया कि इस रेल परियोजना का धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व भी काफी बड़ा है। इसके माध्यम से उच्चैठ स्थान, माँ जानकी की जन्मस्थली पुनौराधाम तथा पशुपतिनाथ कॉरिडोर जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों तक पहुंच आसान होगी। इससे धार्मिक पर्यटन को भी जबरदस्त बढ़ावा मिलने की संभावना है। साथ ही मधुबनी, बेनीपट्टी और पुपरी के बीच सीधा रेल संपर्क स्थापित होगा। कृषि उत्पादों के परिवहन, स्थानीय कारोबार और नए रोजगार अवसरों को गति मिलेगी। लाखों लोगों को जिला मुख्यालयों और प्रमुख शहरों तक पहुंचने में समय और धन दोनों की बचत होगी।
परियोजना को मंजूरी मिलने के बाद क्षेत्र में खुशी का माहौल है। स्थानीय नागरिकों, सामाजिक संगठनों और बुद्धिजीवियों ने विधायक श्री विनोद नारायण झा तथा रेल मंत्रालय के प्रति आभार व्यक्त किया है। लोगों का कहना है कि यह परियोजना बेनीपट्टी और पूरे मिथिलांचल के विकास में मील का पत्थर साबित होगी। अब क्षेत्रवासियों की निगाहें सर्वेक्षण के बाद भूमि अधिग्रहण और निर्माण कार्य की शुरुआत पर टिकी हैं। यदि परियोजना समय पर पूरी होती है तो जल्द ही बेनीपट्टी-पुपरी क्षेत्र में भी ट्रेन की सीटी गूंजेगी, जो विकास और समृद्धि की नई कहानी लिखेगी।
एक सवाल के जवाब में लोजपा नेता डॉ विभय कुमार झा ने बताया कि मुझे बेहद खुशी है कि मेरे पिताजी और क्षेत्रीय विधायक श्री विनोद नारायण झा लगातार इसके लिए हर मंच से आवाज उठाते रहे हैं। मार्च, 2022 में बिहार विधानसभा में उन्होंने गैर सरकारी संकल्प के माध्यम से बेनीपट्टी प्रखंड को रेल मार्ग से जोड़ने हेतु केंद्र सरकार से अनुशंसा करने के लिए सरकार से मांग किया था। उनकी मांग मानते हुए राज्य सरकार ने केंद्र सरकार को अनुशंसा भेजने की घोषणा की थी।


