ताज़ा ख़बरें

IPL: स्टोइनिस के धमाके के बावजूद हारा लखनऊ, जीत के बाद अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंचा राजस्थान

मुम्बई- 10 अप्रैल। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपाएल) 2022 के 20वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने लखनऊ सुपरजायंट्स को तीन रन से हरा दिया। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में राजस्थान ने लखनऊ को 166 रनों का लक्ष्य दिया था। जवाब में लखनऊ की टीम आठ विकेट खोकर 162 रन ही बना पाई। इस तरह राजस्थान ने यह मैच तीन रन से जीत लिया। इस जीत के साथ राजस्थान की टीम अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई है।

राजस्थान रॉयल्स के मिले 166 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ की शुरुआत काफी खराब रही। कप्तान केएल राहुल बिना खाता खोले पारी की पहली ही गेंद पर बोल्ड हो गए। उन्हें ट्रेंट बोल्ट ने अपना शिकार बनाया। इस पहले ही ओवर की तीसरी गेंद पर बोल्ट ने कृष्णप्पा गौतम को भी पगबाधा आउट किया। गौतम भी खाता नहीं खोल सके। इसके बाद प्रसिद्ध कृष्णा ने जेसन होल्डर को भी जल्द ही पवेलियन भेज दिया। होल्डर ने 8 रन बनाए। चौथे विकेट के लिए क्विंटन डि कॉक और दीपक हुड्डा के बीच 38 रन की साझेदारी हुई, जिसे 10वें ओवर में कुलदीप सेन ने तोड़ा। सेन ने हुडा को 25 के निजी स्कोर पर बोल्ड किया। इसके बाद आयुष बडोनी (5 रन) भी आज कुछ खास कमाल नहीं कर सके। हालांकि क्रुणाल पांड्या ने 22 रन का जरूर योगदान दिया। आखिर में इस सीजन का पहला मैच खेल रहे मार्कस स्टोइनिस ने कुछ शॉट जरूर लगाएं,लेकिन वह नाकाफी रहे। लखनऊ को आखिरी ओवर में जीतने के लिए 15 रन की जरूरत थी, लेकिन टीम 11 रन ही बना सकी।

राजस्थान के लिए युजवेंद्र चहल ने चार, ट्रेंट बोल्ट ने दो और प्रसिद्ध कृष्णा व कुलदीप सेन ने एक-एक विकेट लिया।

इससे पहले टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान रॉयल्स ने चिरपरिचित अंदाज में ताबड़तोड़ शुरुआत की। जोस बटलर और देवदत्त पडिक्कल ने पारी को तेज रफ्तार दी। हालांकि पारी के छठे ओवर में बटलर 13 रन बनाकर आवेश खान की गेंद पर बोल्ड हो गये। टीम को दूसरा झटका 9वें ओवर में कप्तान संजू सैमसन के रूप में लगा,जिन्हें जेसन होल्डर ने आउट किया। सैमसन ने 13 रन बनाए। अगले ही ओवर में देवदत्त पडिक्कल भी कृष्णप्पा गौतम की गेंद पर आउट हुए। पडिक्कल ने 29 रन बनाए। इसी ओवर में गौतम ने रासी वैन डेर डूसन को भी चलता किया। रासी मात्र 4 रन ही बना सके।

एक समय राजस्थान की टीम का स्कोर 10 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 67 रन था। इसके बाद अश्विन और शिमरन हेटमायर ने स्कोर को आगे बढ़ाना शुरू किया और कुछ जानदार शॉट लगाए। पारी के 19वें ओवर में अश्विन रिटायर्ड आउट होकर पवेलियन लौटे। तब रियान पराग ने तेजी से 8 रन बनाए। इस बीच एक छोर संभाले रहने वाले हेटमायर ने 6 छक्कों और एक चौके की मदद से 36 गेंदों पर 59 रन बनाए। लखनऊ के लिए होल्डर और गौतम ने दो-दो विकेट,जबकि आवेश खान को एक विकेट मिला।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button