
मिथिला में संस्कार और स्किल से बदलेगा युवाओं की तकदीर: CA आदित्य झा
मधुबनी – 22 अगस्त। मिथिला शिक्षा विकास मंच, मधुबनी के तत्वावधान में स्थानीय एक होटल के सभागार में सावन मिलन सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि सीए आदित्य झा ने कहा कि मिथिला को अब नौकरी मांगने वाले नहीं, नौकरी देने वाले युवाओं की जरूरत है। हाथ में डिग्री लेकर भटकने से बेहतर है, हाथ में हुनर और दिमाग में संस्कार लेकर खड़ा होना। मिथिला के युवाओं में प्रतिभा की कमी नहीं, सिर्फ सही दिशा और मंच की कमी है, जिसे मिथिला शिक्षा विकास मंच पूरा करेगा।
उन्होंने कहा कि नशामुक्त और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही हमें गुलामी से निकालकर मालिक बनाएगी। युवा के हाथ में रोजगार का विजन और हर गांव में लाइब्रेरी सह स्किल सेंटर होगा। समाज में गुणवत्तापूर्ण, संस्कारयुक्त एवं नशामुक्त शिक्षा का विस्तार समय की आवश्यकता है। उन्होंने युवाओं और शिक्षित समाज से सकारात्मक परिवर्तन के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। सभा की अध्यक्षता प्रो. पीसी झा ने की। संबोधन में उन्होंने शिक्षा, संस्कार,युवाओं की भूमिका तथा समाज के सर्वांगीण विकास में शिक्षित वर्ग की सक्रिय भागीदारी पर बल दिया।
कार्यक्रम में ज्योतिषाचार्य ऋषिनाथ झा,मुखिया संजय मिश्रा,लेखक,गीतकार, शिक्षक, छात्र, युवा, छात्र नेता, अधिवक्ता, चिकित्सक तथा विभिन्न क्षेत्रों के बुद्धिजीवियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।



