
MADHUBANI:- राज दरभंगा का बड़ा फैसला : कपिलेश्वर मंदिर परिसर के माता पार्वती मंदिर में जल्द होगी नई प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा
मधुबनी 22 अगस्त। रहिका प्रखंड के प्रसिद्ध कपिलेश्वर महादेव मंदिर परिसर स्थित माता पार्वती मंदिर में जल्द ही माता पार्वती की नई प्रतिमा स्थापित की जाएगी।नई प्रतिमा स्थापना की खबर से श्रद्धालुओं में खुशी की लहर है। स्थानीय लोगों ने राज दरभंगा के इस निर्णय का स्वागत किया है।नई प्रतिमा का निर्माण करा लिया गया है। फिलहाल उसे दरभंगा राज परिसर में सुरक्षित रखा गया है। शुभ मुहूर्त देखकर उसे पार्वती मंदिर में स्थापित किया जाएगा।
राज दरभंगा के प्रतिनिधि ने बताया कि कपिलेश्वर धाम मिथिला का ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व रखने वाला मंदिर है। यहां हर साल हजारों श्रद्धालु जलाभिषेक और पूजा के लिए आते हैं। माता पार्वती की नई प्रतिमा की स्थापना से मंदिर का वैभव और बढ़ेगा। कपिलेश्वर महादेव मंदिर जिले के सबसे प्राचीन शिव मंदिरों में से एक है, जिसका संबंध राज दरभंगा परिवार से सदियों से रहा है।
प्रतिनिधि ने बताया कि राज दरभंगा को पार्वती मंदिर में स्थापित दशकों पूर्व स्थापित माता पार्वती की प्रतिमा खंडित होने की जानकारी मिली थी। जिसपर राज दरभंगा ने तुरंत माता पार्वती की नई प्रतिमा का निर्माण का निर्णय लिया गया। शास्त्रों के अनुसार खंडित प्रतिमा की पूजा नहीं की जाती, इसलिए खंडित प्रतिमा की जगह नई प्रतिमा स्थापित की जाएगी।



