
BIHAR:- राघोपुर में बड़ा नाव हादसा, 13 मासूमों की मौत, ज्यादातर एक ही खानदान के बच्चे
वैशाली- 14 अक्टूबर। वैशाली जिले के राघोपुर दियारा क्षेत्र में देर शाम बड़ा नाव हादसा हो गया। गंगा की उपधारा (ढाब) में छोटी नाव पलटने से 13 बच्चों की डूबकर मौत हो गई। मरने वालों में ज्यादातर लड़कियां हैं और सभी एक ही खानदान से ताल्लुक रखते हैं।
हादसा राघोपुर थाना क्षेत्र के रामपुर श्यामचंद पंचायत के भगतान टोला के पास रात करीब 8:30 बजे हुआ। स्थानीय लोगों के अनुसार भगतान टोला निवासी सिंघेश्वर राय के घर श्राद्ध का भोज था। भोज में शामिल होने के लिए लगभग 20 बच्चे एक छोटी नाव पर सवार होकर दूसरे किनारे जा रहे थे। क्षमता से अधिक भार और संतुलन बिगड़ने से नाव बीच धारा में पलट गई।
ग्रामीणों ने चीख-पुकार सुनकर नदी में छलांग लगाई और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद कई लोगों को बाहर निकाला। 7 बच्चों को जीवित बचाकर एनएमसीएच/पीएमसीएच पटना रेफर किया गया है, जिनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
वैशाली डीएम वर्षा सिंह एसएसपी रात में मौके पर पहुंचे।एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की टीम रातभर रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी रही। डीएम वर्षा सिंह ने बताया कि मरने वालों नौ बच्चियां और चार बच्चे हैं, जबक छह को सुरक्षित निकाला गया है।
मृतकों की पहचान—
सभी 13 शव पीएचसी राघोपुर लाए गए हैं। मृतकों में शामिल हैं – मीरा कुमारी, निशु कुमारी, अनिशा कुमारी, सुनीता कुमारी, आर्यन कुमार, मोहन कुमार, अमृता कुमारी, अंकिता कुमारी, पिंकी कुमारी, नमन कुमार, सिकी कुमारी, भोनू कुमारी और सोनम कुमारी। इनमें एक ही परिवार की 7 बच्चियां शामिल हैं। राजकिशोर राय की तीन बेटियों अंकिता, सुनीता और अमृता की भी मौत हो गई है।
आक्रोश और मुआवजा—
घटना के बाद पूरे इलाके में कोहराम मचा है। लोगों में प्रशासन के खिलाफ आक्रोश है। गुस्साए ग्रामीणों ने डीएम का घेराव भी किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। पीएमएनआरएफ से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख और घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता की घोषणा की गई है। वहीं बिहार सरकार ने आपदा राहत कोष से 4-4 लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए प्रशासन को राहत-बचाव में तेजी लाने का निर्देश दिया। तेजस्वी यादव राघोपुर पहुंचने वाले हैं।



