
मधुबनी शहर के गंगासागर काली मंदिर परिसर के दुकानदारों का प्रदर्शन, दुकानें बंद कर जताया नाराजगी
मधुबनी- 06 सितंबर। शहर के गंगासागर काली मंदिर परिसर के दुकानदारों ने रविवार को अपनी दुकानें बंद रखकर चैती दुर्गा मंदिर के सामने विरोध प्रदर्शन किया।दुकानदारों का आरोप है कि 4-5 माह पूर्व एक ठेकेदार द्वारा अग्रिम राशि ली गई थी, जो अब तक वापस नहीं लौटाई गई है। अब अग्रिम राशि देने की स्थिति नही है, जबकि व्यापार में मंदी है।दुकानदारों ने बताया कि उनकी तीन मांगें पूर्व के अग्रिम राशि की वापसी, फिलहाल किराया में इजाफा नहीं करने और दुकानदारों की सुरक्षा बहाल करने के लिए सभी दुकानदार समाहरणालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन करेंगे।
दुकानदारों ने जिला प्रशासन और राज दरभंगा से हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा कि शीघ्र ही इस मसले का समाधान नहीं किया जाता है तो अग्रिम राशि को लेकर नगर थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराएंगे। परिसर के चैती दुर्गा पूजा स्थल पर दुकानदारों को संबोधित करते हुए विजय श्री टुन्ना ने कहा कि दुकानदारों के साथ किसी भी तरह का नाजायज बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दुकानदारों की एकजुटता से ही समस्या का समाधान होगा।
इधर, केयरटेकर रामनरेश ठाकुर चंदन का कहना है कि पुराने अग्रिम राशि से उनका कोई लेना-देना नहीं है। अग्रिम राशि की वापसी दुकानदारों का अधिकार है। परिसर का नए सिरे से विकास और दुकानदारों की मांगों पर विचार-विमर्श के साथ काम किया जाएगा।



