बिहार

NDA सरकार में व्यवसायी और उद्योगपतियों को मिल रहा सुरक्षा और सम्मानः संजय सरावगी

पटना- 29 अप्रैल। भारतीय जनता पार्टी बिहार प्रदेश के वाणिज्य प्रकोष्ठ द्वारा बुधवार को दानवीर शूरवीर भामाशाह की जयंती के मौके पर एक समारोह का आयोजन किया गया। पटना स्थित रविंद्र भवन में आयोजित इस समारोह में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी भी शामिल हुए।

इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सहित उपस्थित लोगों ने भामाशाह की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया और उनके जीवन और उनके आदर्शों को याद करते हुए उन पर चलने का संकल्प लिया।

बिहार भाजपा के अध्यक्ष संजय सरावगी ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि भामाशाह ने अपनी पूरी संपत्ति राष्ट्र की रक्षा के लिए समर्पित कर दी थी।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार में व्यवसायी और उद्योगपतियों को सुरक्षा और सम्मान मिल रहा है। उन्होंने 2005 से पहले के बिहार का उल्लेख करते हुए कहा कि वह दौर आज भी याद है जब शादियों और समारोहों में व्यापारियों के शोरूम से वाहन और सामान उठा लिए जाते थे। आज व्यवसायियों और उद्योगपतियों के लिए सम्मान समारोह का आयोजन किया जाता है।

उन्होंने कहा कि 2005 में नीतीश कुमार ने जब सत्ता संभाली तो इसके बाद प्रदेश में सुशासन स्थापित किया गया और अब उसी रास्ते पर चलकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बिहार को समृद्ध बनाने में जुटे हैं।

उन्होंने प्रदेश के व्यवसायियों और उद्योगपतियों को भरोसा देते हुए कहा कि बिहार में अपराध करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। भागलपुर में आज एक अपराधी के पुलिस मुठभेड़ में मारे जाने की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि अपराधियों के लिए संकेत साफ है कि अपराधी या तो अपराध छोड़ दें या बिहार छोड़ दें।

उन्होंने कहा कि बिहार में उद्योग स्थापित करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। सरकार उद्योगपतियों को सम्मान और सुरक्षा देगी। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार ने करों को भी व्यापारियों के लिए सुविधाजनक बनाया है।

उन्होंने दानवीर भामाशाह के जीवन और उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि भामाशाह की व्यापारिक कुशलता और मेवाड़ राजवंश के प्रति निष्ठा के कारण उन्हें महामंत्री बनाया गया। हल्दीघाटी के युद्ध में जब महाराणा प्रताप को संसाधनों की कमी का सामना करना पड़ा, तब भामाशाह ने अपनी पूरी संपत्ति महाराणा को समर्पित कर दी। भामाशाह का यह त्याग ‘नेशन फर्स्ट’ की भावना का प्रतीक है। भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता भी राष्ट्र प्रथम की सोच को लेकर काम कर रहे हैं।

उन्होंने युवाओं से भामाशाह की जीवनी को पढ़ने और समझने का आह्वान करते हुए कहा कि उनके विचारों को आत्मसात करना चाहिए, वही भामाशाह के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने कहा कि दानवीर भामाशाह का प्रेरणादायी जीवन हमें सदैव राष्ट्रसेवा, समर्पण और लोककल्याण के पथ पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दानवीर, शूरवीर भामाशाह के विचारों को आगे बढ़ा रहे हैं।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button