
BIHAR:- पूर्णिया में देह व्यापार के नेटवर्क का उदभेदन, दो नाबालिग लड़कियां बरामद, 2 आरोपी गिरफ्तार
पूर्णिया, 10 अगस्त। पूर्णिया पुलिस ने सोमवार को अवैध देह व्यापार से जुड़े एक कथित नेटवर्क का खुलासा किया है। पुलिस की छापेमारी में दो नाबालिग लड़कियों को बरामद किया गया, जबकि इस धंधे में संलिप्त बताए जा रहे दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मौके से पुलिस ने 10 मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार, सूचना मिली थी कि सहायक खजांची थाना क्षेत्र के रजनी चौक के समीप एक किराए के मकान में कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से देह व्यापार कराया जा रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने संबंधित मकान में छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान वहां से दो नाबालिग लड़कियां मिलीं, जिन्हें पुलिस ने अपने संरक्षण में लिया। साथ ही दो अन्य लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अब पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और इसके संचालन के तरीके की जांच कर रही है।
पूर्णिया स्पेशल क्राइम ब्रांच की एसडीपीओ शिवानी श्रेष्ठ ने बताया कि इस अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों द्वारा अर्जित संपत्ति का भी पता लगाया जा रहा है। जांच में अवैध संपत्ति सामने आने पर उसके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया की जाएगी।
एसडीपीओ ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों का पूर्व से भी आपराधिक इतिहास रहा है और वे पहले जेल जा चुके हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी किराए के मकान में लड़कियों को लाकर उनसे देह व्यापार कराते थे। लड़कियों की कथित खरीद-फरोख्त से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
पुलिस अब बरामद मोबाइल फोन की जांच के साथ इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों, संपर्कों और आर्थिक लेन-देन की जानकारी जुटा रही है।



