
BIHAR:- मधुबनी में 17 अगस्त को लगेगा कृषि ऋण आउटरीच कैंप, किसानों को मिलेगा ऋण योजनाओं का लाभ
किसानों की जरूरतों के अनुसार मिलेगा वित्तीय सहारा, सेंट्रल बैंक आयोजित करेगा कृषि ऋण कैंप
मधुबनी- 12 अगस्त। सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया द्वारा किसानों एवं कृषि क्षेत्र से जुड़े लोगों को विभिन्न ऋण योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 17 अगस्त 2026 को कृषि ऋण आउटरीच कैंप का आयोजन किया जाएगा। मधुबनी जिले में बैंक की सभी 20 शाखाओं के माध्यम से यह विशेष कैंप आयोजित किया जा रहा है।
अग्रणी जिला प्रबंधक गजेंद्र मोहन झा ने बताया कि कैंप के दौरान कृषि एवं संबद्ध गतिविधियों से जुड़ी विभिन्न ऋण योजनाओं के अंतर्गत पात्र लाभुकों के ऋण आवेदनों पर कार्रवाई करते हुए ऋण की स्वीकृति एवं वितरण किया जाएगा। इसमें किसान क्रेडिट कार्ड, SHG, गव्य विकास, मत्स्य पालन, पशुपालन, मुर्गी पालन, ग्रामीण भंडारण, फूड प्रोसेसिंग, PMFME तथा Agri Clinic–Agri Business सहित अन्य योजनाएं शामिल हैं।
उन्होंने जिले के किसानों, कृषि उद्यमियों एवं ग्रामीण व्यवसाय से जुड़े लोगों से अपील की कि वे इस अवसर का लाभ उठाते हुए सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की निकटतम शाखा से संपर्क करें और अपनी आवश्यकता के अनुरूप कृषि ऋण के लिए आवेदन करें। कैंप के माध्यम से कृषि एवं उससे जुड़े व्यवसायों को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।



