
BIHAR:- वैशाली में गंगा का कहर’ जुड़ावनपुर थाना बना तालाब, नाव पर बैठकर ड्यूटी कर रही पुलिस
वैशाली- 25 अगस्त। वैशाली जिले में गंगा के जलस्तर में लगातार वृद्धि से बाढ़ की स्थिति भयावह हो गई है। राघोपुर प्रखंड के दर्जनों गांव जलमग्न हो चुके हैं, और अब बाढ़ का पानी थाने तक पहुंच गया है।
जुड़ावनपुर थाना परिसर में 2 से 3 फीट तक पानी भर गया है। थाने के निचले तल के सिरिस्ता कक्ष, वायरलेस रूम, थाना प्रभारी कार्यालय और हाजत में पानी घुस गया है। पुलिस का कामकाज पूरी तरह ठप हो गया है। मजबूरी में थाने को दूसरी मंजिल पर शिफ्ट किया गया है और पुलिसकर्मी नाव के सहारे गश्त और ड्यूटी कर रहे हैं। पहाड़पुर से वीरपुर तक मुख्य सड़क पर 2-3 फीट पानी बह रहा है। रुस्तमपुर, बीरपुर, जाफराबाद, जहांगीरपुर, सरायपुर, शिवनगर, चकसिंगार समेत दर्जनों गांवों में पानी घुस चुका है।
राघोपुर प्रखंड मुख्यालय से सभी गांवों का सड़क संपर्क टूट गया है। लोगों को दैनिक सामान और पशु चारा लाने के लिए कमर भर पानी में पैदल चलना पड़ रहा है। प्रशासन द्वारा पर्याप्त नाव की व्यवस्था नहीं होने से लोगों में आक्रोश है। स्थानीय लोग राघोपुर को बाढ़ग्रस्त घोषित करने और राहत शिविर, राशन, दवा की मांग कर रहे हैं।



