
BIHAR:- नवादा में चाकू से गोदकर युवक की हत्या,जांच में जुटी पुलिस
नवादा-08 दिसम्बर। नवादा जिला मुख्यालय के केएलस कॉलेज के पास शुक्रवार को एक युवक की हत्या चाकू से गोदकर कर दी गई। मृतक युवक की पहचान नवादा नगर के शिवनगर मोहल्ला निवासी वासुदेव प्रसाद के पुत्र राहुल कुमार (22वर्ष) के रूप में हुई है। घटना कैसे हुई और किसने अंजाम दिया फिलहाल कोई बताने की स्थिति में नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बताया जाता है कि पुलिस को किसी ने सूचना दी कि केएलएस कॉलेज के पास एक युवक जख्मी हाल में पड़ा है। पुलिस पहुंची तो वहां युवक मृत पाया गया। उसके शरीर पर चाकू से किए गए हमले के कई जख्म पाए गए। पुलिस शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल नवादा लाई। मृतक युवक के पास से मिले मोबाइल से उसकी पहचान हुई। सूचना के बाद परिजन भी सदर अस्पताल पहुंचे।
फिलहाल, घटना के पीछे की वजह साफ नहीं हो सका है। परिजनों के बयान से काफी कुछ साफ होगा। घटना को लेकर तरह तरह की चर्चाएं है। अनुमान लगाया जा रहा है कि किसी युवक से पूर्व दुश्मनी के कारण ही उसकी हत्या कर दी गई है। विशेष गहराई में जाकर पुलिस मामले की जांच कर रही है।



