
BIHAR:- आरा में बोलेरो-ऑटो की टक्कर,3 की मौत,आधा दर्जन जख्मी
आरा-07 दिसंबर। जिले में जगदीशपुर थाना क्षेत्र के कितापुर गांव के निकट मंगलवार की सुबह बोलेरो और ऑटो की आमने सामने की टक्कर में ऑटो पर सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।घटना आरा मोहनिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर घटी है।
दुर्घटना के बाद कितापुर सहित आसपास के गांवों से सैकड़ो की संख्या में जुटे ग्रामीणों ने एनएच जाम कर प्रदर्शन किया।बोलेरो और ऑटो की सीधी टक्कर में जिन तीन लोगों की मौत हुई है उनमें ससुर,दामाद और नाती शामिल हैं।एक ही परिवार से जुड़े तीन लोगों की मौत के बाद उनके परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
बोलेरो और ऑटो की टक्कर में जहां तीन लोगों की मौत हुई है वहीं इस घटना में मां बेटी और ऑटो चालक सहित आधा दर्जन लोग बुरी तरह घायल हुए हैं।घायलों को स्थानीय ग्रामीणों की मदद से आरा सदर अस्पताल पहुंचाया गया है जहां सभी का इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही जगदीशपुर थाना की पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और लोगो को समझा बुझा कर जाम समाप्त कराया।जगदीशपुर थाना के थानाध्यक्ष ने बताया कि सड़क जाम करने वाले ग्रामीणों बोलेरो के चालक की गिरफ्तारी,मृतकों एवं घायलों को मुआवजा देने की मांग कर रहे थे।ग्रामीणों को आश्वासन देकर जाम खत्म कराया गया जिसके बाद आरा मोहनिया एनएच पर वाहनों का परिचालन शुरू कराया जा सका है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि बोलेरो और ऑटो की सीधी टक्कर में मौत का शिकार हुए लोगो में जगदीशपुर थाना क्षेत्र के बभनियांव गांव निवासी स्व.नगीना भगत के पुत्र हीरालाल भगत,रोहतास जिला के बिक्रमगंज थाना क्षेत्र के घुसियां गांव का दामाद ललन भगत, पुत्र 6 वर्षीय पुरुषोत्तम कुमार शामिल है। उन्होंने बताया कि इस घटना में घायल हुए लोगो में रोहतास जिला के बिक्रमगंज थाना क्षेत्र के घुसियां गांव निवासी व मृतक ललन भगत की पत्नी पूनम देवी,पुत्री 11 वर्षीय पम्मी कुमारी जगदीशपुर थाना क्षेत्र के बभनियांव गांव निवासी व ऑटो चालक महेंद्र राम का पुत्र रविंदर राम,पटना जिला के खगौल थाना क्षेत्र के दानापुर लखनी बीगहा गांव निवासी तेतरी देवी,उसकी पुत्री नैना कुमारी और उसका देवर पंकज कुमार शामिल है।



