
BIHAR:- मधुबनी में लौकहा थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 23.2 किलो गांजा के साथ दो नेपाली तस्कर गिरफ्तार
जब्त गांजा की बाजार किमत 11 लाख 60 हजार
मधुबनी- 03 सितंबर। मधुबनी पुलिस को भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। वरीय पुलिस अधीक्षक मधुबनी एवं पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत लौकहा थाना पुलिस ने 23 किलो 200 ग्राम गांजा के साथ दो नेपाली तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की कीमत करीब 11 लाख 60 हजार रुपये आंकी गई है।
घटना के संबंध में बताया जाता है कि लौकहा थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नेपाल की ओर से बलान नदी के पश्चिमी तटबंध बांध के रास्ते काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्ति संदिग्ध सामान लेकर एक्ममा की ओर जाने वाले हैं। सूचना मिलते ही लौकहा थाना की टीम ग्राम माधोपुर के सामने बलान नदी के पश्चिमी तटबंध पर पहुंचकर घेराबंदी की। कुछ ही देर बाद उत्तर दिशा से काले रंग की पल्सर बाइक पर सवार दो व्यक्ति प्लास्टिक के बोरे और बैग में सामान लिए आते दिखे। पुलिस वाहन को देखकर दोनों ने बाइक घुमाकर भागने की कोशिश की, लेकिन तटबंध की सड़क जर्जर और संकरी होने के कारण भागने में असफल रहे। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को मौके पर ही दबोच लिया।
पकड़े गए व्यक्तियों की पहचान मो. रुस्तम, पिता मो. अजीज, निवासी महोली, जिला सप्तरी (नेपाल) और मो. मुसतुफ, पिता मो. हुसैन, निवासी लहान, जिला सिरहा (नेपाल) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके पास से प्लास्टिक के बोरे और बैग में रखा कुल 23.2 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त एक काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।
पूछताछ में दोनों तस्करों ने स्वीकार किया कि वे नेपाल से गांजा लाकर भारतीय क्षेत्र में बिक्री करते हैं। इस संबंध में लौकहा थाना में एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर दोनों अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।



