
बिहारः. MLC की आठ सीटों पर चुनाव लड़ेगा जन सुराज, प्रशांत किशोर, 3-4 दिन में उम्मीदवारों की करेंगे घोषणा
पटना- 03 सितंबर। आगामी स्नातक और शिक्षक एमएलसी चुनाव को लेकर जनसुराज ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर उर्फ पीके ने मोतिहारी के पॉम बेरी रिजॉर्ट में पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर चुनावी रणनीति पर मंथन किया। बताया जाता है कि करीब तीन घंटे तक चली इस अहम बैठक में प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती, सारण शिक्षक क्षेत्र के वर्तमान निर्दलीय एमएलसी अफाक अहमद सहित पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, सारण, सिवान, गोपालगंज और बगहा के जिला पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक में आगामी एमएलसी चुनाव को लेकर प्रत्याशियों के नामों पर कार्यकर्ताओं से राय ली गई।
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि जन सुराज आगामी एमएलसी की 8 सीटों पर चुनाव लड़ेगा। सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र को लेकर उन्होंने कहा कि सभी साथियों के सुझाव और विचार-विमर्श के आधार पर अगले 3 से 4 दिनों के अंदर सभी उम्मीदवारों की घोषणा एक साथ पटना से की जाएगी। उन्होंने कहा कि बैठक में सारण से निर्दलीय जीते एमएलसी अफाक अहमद को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई है। साथ ही पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, शिक्षक व स्नातक मतदाताओं तक अधिक से अधिक पहुंच बनाने पर जोर दिया गया।



