
BA प्रथम श्रेणी से पास छात्राओं के 50 हजार पर ग्रहण, पोर्टल पर आवेदन के बाद भी भुगतान अटका : सुभाष यादव
मधुबनी- 19 सितंबर। शहर के प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता सुभाष यादव उर्फ हनुमानजी ने कहा कि बिहार सरकार की मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना (स्नातक प्रोत्साहन योजना) के तहत बीए में प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण छात्राओं को मिलने वाली 50 हजार की एकमुश्त प्रोत्साहन राशि अब तक नहीं मिल पाई है। छात्राओं द्वारा महीनों पहले ऑनलाइन आवेदन करने और कॉलेज से वेरिफिकेशन होने के बाद भी राशि उनके बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से नहीं पहुंची है। उन्होंने बताया कि मधुबनी, दरभंगा सहित कई जिलों की छात्राओं पिछले सत्र में स्नातक प्रथम श्रेणी से पास किया था। छात्राओं का सरकार की वेबसाइट पर आवेदन दिख रहा है, लेकिन भुगतान आज तक नहीं हुआ। एक साल होने को है, पैसा नहीं आया।
उन्होंने बताया कि बिहार सरकार राज्य की मान्यता प्राप्त यूनिवर्सिटी से स्नातक पास करने वाली छात्राओं को 50 हजार रुपये एकमुश्त प्रोत्साहन के रूप में देती है। इसका उद्देश्य बालिकाओं को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना और आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने शिक्षा विभाग और मुख्यमंत्री से मांग की है कि लंबित आवेदनों का जल्द निष्पादन कर पेंडिंग 50 हजार की राशि अविलंब खाते में भेजी जाए। ताकि उनकी आगे की शिक्षा बाधित नहीं हो सके।



