
MADHUBANI:- नगर निगम की पोल खोलती तिरहुत कॉलोनी में घुटने भर जलजमाव, बच्चे-बच्चियां पानी में चलने को मजबूर
मधुबनी- 19 सितंबर। हल्की बारिश में ही नगर निगम के दावों की पोल खुल गई है। निगम क्षेत्र के वार्ड 22 स्थित तिरहुत कॉलोनी की यह तस्वीर सिस्टम की लापरवाही को साफ उजागर कर रही है। तस्वीर में साफ देखा जा सकता है कि पूरी सड़क तालाब में तब्दील हो चुकी है। घुटने भर पानी में स्कूली बच्चियां कपड़े उठाकर चलने को मजबूर हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार थोड़ी सी बारिश होते ही यहां जलजमाव की स्थिति बन जाती है। कई-कई दिनों तक पानी नहीं निकलता है। कॉलोनी के लोगों का कहना है कि पानी निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण हर साल बरसात में यही हाल होता है। घरों के सामने पानी जमा होने से आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है, वहीं गंदे पानी के कारण बीमारी फैलने का भी खतरा बढ़ गया है। लोगों ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार नगर निगम को शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
तिरहुत कॉलोनी शहर के पॉश इलाकों में गिनी जाती है, बावजूद इसके यहां जलनिकासी की सुविधा तक नहीं है। जलजमाव के कारण सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को उठानी पड़ रही है। लोगों ने नगर निगम प्रशासन से जल्द से जल्द जलनिकासी की व्यवस्था करने की मांग की है।



