
मधुबनी शहर में शाम ढलते ही जाम का झाम, बाटा चौक बना जाम का ‘हॉटस्पॉट’; ट्रैफिक पुलिस नदारद, लोग घंटों फंसे
मधुबनी- 16 सितंबर। मधुबनी शहर में यातायात व्यवस्था शाम होते ही पूरी तरह चरमरा जाती है। दिन में किसी तरह चलने वाला ट्रैफिक, शाम 5 बजे के बाद जाम में तब्दील हो जाता है। सबसे भयावह स्थिति बाटा चौक की रहती है, जहां आधे-आधे घंटे तक वाहन रेंगते नजर आते हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शाम के पीक आवर में जब सबसे ज्यादा पुलिस की जरूरत होती है, तभी शहर के अधिकांश चौक-चौराहों से ट्रैफिक पुलिस गायब हो जाती है। बाटा चौक पर चारों तरफ से आने वाली गाड़ियां, ऑटो-ई-रिक्शा का बेतरतीब जमावड़ा और सड़क किनारे अतिक्रमण जाम की मुख्य वजह।सूत्रों के अनुसार शाम 6 बजे के बाद कई ट्रैफिक पॉइंट खाली हो जाते हैं। थाना चौक, बाटा चौक पर जवान नजर नहीं आते है। बिना रूट के चल रहे सैकड़ों ई-रिक्शा जाम को और बढ़ा रहे हैं।
स्कूल, कोचिंग से लौट रहे छात्र, अस्पताल जा रहे मरीज और ऑफिस से घर लौट रहे लोगों को रोजाना 20 से 40 मिनट तक जाम में फंसना पड़ता है। एम्बुलेंस तक फंस जाती है। दुकानदारों का कहना है कि जाम के कारण ग्राहक दुकान तक नहीं पहुंच पाते है। शाम में बाटा चौक पार करना जंग जीतने जैसा है।
न ट्रैफिक पुलिस, न कोई व्यवस्था। प्रशासन सिर्फ अतिक्रमण हटाने का नाटक करता है।.शहरवासियों ने जिला प्रशासन और ट्रैफिक डीएसपी से मांग की है कि शाम 5 बजे से रात 9 बजे तक सभी प्रमुख चौकों पर ट्रैफिक पुलिस की तैनाती अनिवार्य की जाए, बाटा चौक पर अतिक्रमण हटाया जाए और ई-रिक्शा के लिए रूट तय किया जाए। समय रहते व्यवस्था नहीं सुधरी तो त्योहारी सीजन में शहर की स्थिति और भयावह हो सकती है।



