
BIHAR:- मधुबनी में अवैध शराब और ड्रग्स के कारोबार पर हड़कंप, खर्रा गांव के युवक ने DM से लगाई छापेमारी की गुहार
मधुबनी- 12 सितंबर। मधुबनी जिले में बिहार के पूर्ण शराबबंदी कानून की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। जिले के खर्रा गांव एवं आस-पास के क्षेत्रों में अवैध शराब और नशीले मादक पदार्थों (ड्राई ड्रग्स) की बिक्री का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
इस संबंध में ग्राम एवं पोस्ट- खर्रा, पंचायत- सुंदरपुर भिट्ठी निवासी मो. काफिल ने बिहार सरकार के गृह विभाग (मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग) के माध्यम से जिलाधिकारी मधुबनी को लिखित आवेदन देकर कठोर कार्रवाई की मांग की है। आवेदक ने अपने पत्र में लिखा है कि पिछले कुछ महीनों से खर्रा गांव में बड़े पैमाने पर अवैध रूप से शराब की बिक्री और ड्रग्स का कारोबार चल रहा है। कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा गांव के गुप्त स्थानों, दुकानों और सुनसान इलाकों में प्रतिबंधित शराब और अन्य मादक पदार्थ खुलेआम बेचे जा रहे हैं।
जिसके कारण गांव के युवा वर्ग नशे की लत में पड़कर अपना भविष्य बर्बाद कर रहे हैं। गांव में शांति भंग हो रही है, आपराधिक गतिविधियां बढ़ रही हैं और आम जनता, विशेषकर अभिभावकों एवं स्कूली छात्रों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। आवेदक ने कहा है कि यह कृत्य बिहार मद्यनिषेध और उत्पाद अधिनियम, 2016 तथा NDPS Act,1985 का स्पष्ट उल्लंघन है।
उन्होंने जिलाधिकारी से अनुरोध किया है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल छापेमारी कर अवैध शराब एवं मादक पदार्थों की बिक्री में लिप्त लोगों के विरुद्ध बिहार मद्यनिषेध अधिनियम 2016 एवं NDPS अधिनियम के तहत कठोर कार्रवाई हेतु आवश्यक निर्देश निर्गत किए जाएं, ताकि गांव में शांति व्यवस्था कायम हो सके और युवाओं को नशे से बचाया जा सके।



