एजुकेशनबिहार

बिहार में शिक्षकों के बेहतर प्रशिक्षण के लिए बनेगा शिक्षक प्रशिक्षण विश्वविद्यालय: मुख्यमंत्री

पटना- 05 सितंबर। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को पटना के श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में देश के महान शिक्षाविद् और भारत रत्न से सम्मानित पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित शिक्षक दिवस समारोह-2026 का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने शिक्षकों के बेहतर प्रशिक्षण और क्षमता विकास के लिए राज्य में ‘शिक्षक प्रशिक्षण विश्वविद्यालय’ स्थापित करने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में प्राथमिक विद्यालय से लेकर उच्च शिक्षा, इंजीनियरिंग और पॉलिटेक्निक संस्थानों तक सात लाख से अधिक शिक्षक कार्यरत हैं। शिक्षकों की गुणवत्ता बढ़ाने और उन्हें समय-समय पर आधुनिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अलग विश्वविद्यालय की स्थापना की जाएगी। उन्होंने कहा कि बदलते समय और तकनीकी जरूरतों के अनुरूप शिक्षकों का कौशल विकास आवश्यक है।

सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए राज्य में बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) का सेंटर स्थापित करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार राज्य में उच्च शिक्षा के विस्तार और गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक संस्थानों की उपलब्धता बढ़ाने की दिशा में लगातार काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार शिक्षकों को आधुनिक तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के माध्यम से प्रशिक्षित करने की दिशा में भी काम कर रही है। माइक्रोसॉफ्ट, गूगल और सरवम एआई जैसी तकनीकी संस्थाओं के सहयोग से बिहार में आधुनिक एआई इकोसिस्टम विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिक्षकों को एआई की नवीनतम तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि वे शिक्षा के क्षेत्र में तकनीक का प्रभावी इस्तेमाल कर सकें। इस दिशा में शिक्षा विभाग और गूगल के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर भी किया गया है।

 

मुख्यमंत्री ने परीक्षा व्यवस्था को आधुनिक और त्वरित बनाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि मैट्रिक परीक्षा समाप्त होने के सात दिनों के भीतर परिणाम जारी कर दिया जाए। उन्होंने कहा कि यदि किसी विद्यार्थी को अपने प्राप्तांक को लेकर आपत्ति होती है तो उसे 15 दिनों के अंदर निर्धारित स्लॉट में दोबारा परीक्षा देने का अवसर देने की व्यवस्था विकसित की जाएगी। इसी तरह इंजीनियरिंग और पॉलिटेक्निक के विद्यार्थियों का परिणाम 24 घंटे के भीतर जारी करने की व्यवस्था विकसित करने का लक्ष्य है।

सम्राट चौधरी ने कहा कि परीक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए उच्च न्यायालय के एक सिटिंग जज की अध्यक्षता में कमेटी गठित की गई है। यह कमेटी परीक्षा प्रणाली में आवश्यक सुधार को लेकर सरकार को सुझाव देगी और सरकार उन सुझावों पर अमल करेगी।

उन्होंने कहा कि परीक्षा परिणाम में देरी होने से विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई और नामांकन में परेशानी होती है। इसलिए परीक्षा व्यवस्था को विकेंद्रीकृत करने तथा सेंटरवार परिणाम जारी करने पर भी विचार किया जा रहा है। उन्होंने विद्यालय परीक्षा समिति को इस दिशा में आवश्यक सुधार करने को कहा।

मुख्यमंत्री ने बिहार के गौरवशाली शैक्षणिक इतिहास को पुनर्जीवित करने की दिशा में सरकार के प्रयासों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि नालंदा विश्वविद्यालय के बाद अब विक्रमशिला विश्वविद्यालय की स्थापना की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। उन्होंने बताया कि विक्रमशिला विश्वविद्यालय के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया 15 जुलाई को पूरी कर ली गई है। अगले एक वर्ष में विश्वविद्यालय को धरातल पर उतारने का काम किया जाएगा।

सम्राट चौधरी ने कहा कि राज्य में शिक्षक नियुक्ति की प्रक्रिया लगातार जारी है। बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) के माध्यम से इस बार भी 33 हजार से अधिक शिक्षकों की बहाली की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों को समय पर वेतन उपलब्ध कराने के लिए पूरी व्यवस्था को एक इकोसिस्टम के रूप में विकसित किया जा रहा है। मदरसा और संस्कृत बोर्ड के शिक्षकों के लंबित वेतन का भुगतान जारी कर दिया गया है, ताकि उन्हें समय पर पारिश्रमिक मिल सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि वित्त रहित शिक्षकों के हितों को ध्यान में रखते हुए उनके लिए अलग से वेतनमान की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

शिक्षक दिवस समारोह में मुख्यमंत्री ने बिहार की दो शिक्षिकाओं की उपलब्धियों का विशेष रूप से उल्लेख किया। उन्होंने गोपालगंज की शिक्षिका पुष्पा प्रसाद और बांका की खुशबू कुमारी को राष्ट्रपति द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किए जाने पर बधाई दी।

समारोह के दौरान बिहार शिक्षा विभाग और गूगल के बीच शिक्षकों को आधुनिक तकनीक एवं एआई आधारित प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि तकनीक, बेहतर प्रशिक्षण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के माध्यम से बिहार की शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा देने का प्रयास किया जा रहा है। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी सहित कई वरीय अधिकारी मौजुद थे।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!