
PM मोदी ने वाराणसी में किया अरविंद लिमिटेड की गारमेंट यूनिट का उद्घाटन, 1000 से अधिक लोगों को मिलेगा रोजगार
वाराणसी- 25 अक्टूबर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को वाराणसी के खोचवां में अरविंद लिमिटेड की अत्याधुनिक गारमेंट मैन्युफैक्चरिंग यूनिट का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, वरिष्ठ अधिकारी और उद्योग जगत के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
लगभग 150 करोड़ रुपये के निवेश से 5.5 एकड़ में स्थापित यह इकाई उत्तर प्रदेश में अरविंद लिमिटेड की पहली विनिर्माण इकाई है। इसका कुल निर्मित क्षेत्र लगभग 65,000 वर्ग फुट है। यहां उन्नत स्वचालित सिलाई तकनीक से निटवियर परिधानों का निर्माण होगा। संयंत्र की संभावित राजस्व क्षमता 250 करोड़ रुपये बताई गई है। इस इकाई से 1,000 से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की उम्मीद है, जिसमें बड़ी संख्या महिलाओं की होगी। कंपनी ने कर्मचारियों के लिए समर्पित हॉस्टल भी बनाए हैं।
अरविंद लिमिटेड के चेयरमैन संजय लालभाई ने कहा कि पीएम के हाथों उद्घाटन कंपनी के लिए गौरव का विषय है। वाइस चेयरमैन पुनीत लालभाई ने कहा कि भारत वैश्विक परिधान विनिर्माण केंद्र बनने की ओर अग्रसर है और यह इकाई उस दिशा में अहम कदम है।
उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने नमो घाट पर एयर शो में वायु सेना का पराक्रम देखा और इसके बाद ओडिशा के लिए रवाना हो गए।



