
कांग्रेस अध्यक्ष खरगे की टिप्पणी पर अमित शाह का पलटवार, बोले- कांग्रेस के पास बची है सिर्फ गाली-गलौज की राजनीति
नई दिल्ली, 25 अक्टूबर। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की ओर से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पिता को लेकर की गई टिप्पणी पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। एक्स पर एक पोस्ट में शाह ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पटना में प्रधानमंत्री के पिताजी के बारे में अभद्र टिप्पणी कर सारी मर्यादाएं तार-तार कर दी हैं। बीते 12 वर्षों में लगातार मिल रही चुनावी हार से कांग्रेस में हताशा और निराशा इतनी बढ़ गई है कि अब उसके पास न कोई नीति बची है, न कोई मुद्दा, बस गाली-गलौज की राजनीति बची है।
श्री शाह ने कहा कि कांग्रेस ने प्रधानमंत्री मोदी या उनके परिवार को पहली बार अपशब्द नहीं कहे हैं। कभी उनकी पूजनीय माताजी के बारे में अपशब्द कहे जाते हैं, कभी उन्हें ‘मौत का सौदागर’, कभी ‘चायवाला’ कहकर उनकी गरीबी का उपहास उड़ाया जाता है। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस हर रोज अभद्रता की सीमाएं पार कर रही है। गृह मंत्री ने कहा कि जनाधार खो चुकी कांग्रेस अब अपने कार्यकर्ताओं में भी आधार खोती जा रही है। जब-जब इन्होंने प्रधानमंत्री मोदी या उनके परिवार पर घृणित टिप्पणियां की हैं, तब-तब जनता ने कांग्रेस को करारा जवाब दिया है।



