
JDU का बड़ा एक्शन, बाढ़ जिला अध्यक्ष मयंक राज पद से हटाए गए, पूरी जिला कमिटी भंग
पटना- 25 अक्टूबर। बिहार में मोकामा विधायक अनंत सिंह पर कार्रवाई के बाद जनता दल यूनाइटेड ने संगठन स्तर पर दूसरा बड़ा फैसला लिया है। पार्टी ने बाढ़ संगठन जिला अध्यक्ष मयंक राज को तत्काल प्रभाव से पदमुक्त कर दिया है और बाढ़ की पूरी जिला कमिटी को भंग कर दिया है। 24 अक्टूबर देर रात JDU प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा की ओर से जारी पत्र में यह कार्रवाई की गई है। पार्टी के पत्र में कहा गया है कि संगठनात्मक कार्यों में लगातार बरती जा रही शिथिलता को देखते हुए, संगठन जिला बाढ़ के जिलाध्यक्ष मयंक राज को तत्काल प्रभाव से पदमुक्त करते हुए जिला कमेटी को भंग किया जाता है।
अनंत सिंह के बाद मयंक राज पर गाज—
यह कार्रवाई मोकामा विधायक अनंत सिंह और उनकी पत्नी नीलम देवी को 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित करने के ठीक बाद हुई है। अनंत सिंह पर पार्टी विरोधी गतिविधि, संगठन के निर्देशों की अनदेखी और विधान परिषद चुनाव में JDU उम्मीदवार नीरज कुमार के खिलाफ प्रचार करने का आरोप है।
कौन हैं मयंक राज?
मयंक राज को बाढ़ में अनंत सिंह का करीबी बताया जाता है। कुछ रिपोर्ट में उन्हें केंद्रीय मंत्री ललन सिंह का करीबी भी बताया गया है। हालांकि पार्टी ने आधिकारिक तौर पर शिथिलता को ही कारण बताया है।
विधायकी पर भी संकट—
JDU ने अनंत सिंह की विधानसभा सदस्यता समाप्त करने के लिए विधानसभा अध्यक्ष को संविधान की 10वीं अनुसूची (दल-बदल विरोधी कानून) के तहत अनुशंसा भी भेजी है। हालांकि सदस्यता रद्द करने का अंतिम फैसला विधानसभा अध्यक्ष को ही लेना है।
राजनीतिक हलचल तेज—
अनंत सिंह के समर्थकों में इस फैसले को लेकर नाराजगी है, वहीं अनंत सिंह ने पलटवार करते हुए कहा है कि वह अपनी नई पार्टी बनाएंगे और JDU 12 सीट पर सिमट जाएगी। बाढ़ जिला इकाई भंग होने के बाद अब नई कमिटी के गठन पर सबकी नजर है।



