
चीन के सिचुआन में 5.1 तीव्रता का भूकंप, भारत के मणिपुर में भी कांपी धरती
दिल्ली- 28 अगस्त। नेपाल त्रासदी के बीच चीन में शुक्रवार को जोरदार भूकंप के झटके महसूस किए गए। वहीं भारत के मणिपुर में भी धरती कांपी है। चाइना अर्थक्वेक नेटवर्क्स सेंटर के अनुसार, शुक्रवार को दक्षिण-पश्चिम चीन के सिचुआन प्रांत के लुंगचांग शहर में भूकंप आया, जिसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.1 मापी गई।
नेपाल से सटे तिब्बत में लगातार आ रहे झटकों के बीच इस भूकंप ने लोगों में दहशत बढ़ा दी है। इससे पहले गुरुवार रात को भी नेपाल और तिब्बत में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। इधर भारत के मणिपुर में भी भूकंप आया है। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी के मुताबिक, मणिपुर में सुबह 10 बजकर 49 मिनट पर 3.6 तीव्रता का भूकंप महसूस किया गया। फिलहाल दोनों जगहों से किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है। लगातार अलग-अलग इलाकों में भूकंप आने से लोगों में चिंता बढ़ गई है।



