
MADHUBANI:- कालिकापुर गांव में चौकीदार की दबंगई, भूमि विवाद में जानलेवा हमला, तीन जख्मी
मधुबनी- 27 अगस्त। कलुआही थाना क्षेत्र के कालिकापुर गांव में भूमि विवाद को लेकर एक स्थानीय चौकीदार के द्वारा अपनी दबंगता दिखाते हुए एक पक्ष पर जानलेवा हमला कर दिया। जिसमें तीन लोग गंभीर तौर जख्मी हो गये। तीनों जख्मी का स्थानीय सरकारी अस्पताल में ईलाज चल रहा है।
पीड़ित ने कलुआही थाने में लिखित शिकायत देकर न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित राजदेव यादव पिता स्व. जगदीश यादव ने बताया है कि उनकी जमीन पर आरोपी चौकीदार द्वारा जबरन कब्जा कर घर का निर्माण कराया जा रहा था। जिसको लेकर पीड़ित राजदेव यादव ने 22 अगस्त को लिखित आवेदन थाना और अंचल को दिया था। लेकिन कलुआही थाना पुलिस ने आवेदन पर त्वरित कार्रवाई नही की।
गुरूवार को आरोपी चौकीदार विश्वनाथ पासवान ने अपनी पत्नी शिला देवी, बेटे शंकर पासवान, श्याम पासवान उर्फ गोसाई पासवान ने मिलकर राजदेव यादव, बैजू यादव,नागेन्द्र यादव पर जानलेवा हमला कर दिया। जिसमें तीनों गंभीर तौर जख्मी हो गए।
बताया गया है कि चौकीदार और उसके दो बेटों ने राजदेव और उनके दो पुत्रों नागेन्द्र और बैजू यादव पर लाठी-डंडे और धारदार हथियार से वार किया, जिससे तीनों को सिर, आँख और शरीर में गंभीर चोटें आईं। पीड़ित का आरोप है कि हमले के बाद आरोपियों ने गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी भी दी। पीड़ित ने बताया कि पूर्व में भी चौकीदार और उसके परिवार द्वारा उन्हें धमकी दी जा चुकी है, जिसकी सूचना उन्होंने जिलाधिकारी को भी व्हाट्सएप के माध्यम से दी थी। पीड़ित ने थानाध्यक्ष से मामले में प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में कलुआही थानाध्यक्ष पायल भारती ने बताया कि पीड़ित द्वारा आवेदन थाने को प्राप्त हुआ। प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। थानाध्यक्ष ने बताया कि उक्त भूमि पर पूर्व से ही न्यायलय में मामला चल रहा है।



