
मधुबनी के DM आनंद शर्मा जनता के हित में निरंतर काम कर रहे हैं: NDA नेता
मधुबनी- 18 अगस्त। मधुबनी जिले के विकास और जनहित से जुड़े कार्यों को लेकर जिलाधिकारी आनंद शर्मा लगातार सक्रियता के साथ काम कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में जिला प्रशासन द्वारा जनहित और विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर काम किया जा रहा है। उक्त बातें लोक जनशक्ति पार्टी के युवा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह पार्टी प्रवक्ता डॉ. विभय कुमार झा ने कही।
डॉ. झा ने कहा कि यह मधुबनी जिले के लिए गर्व की बात है कि आनंद शर्मा जैसे अनुभवी आईएएस अधिकारी जिले का नेतृत्व कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी की सक्रियता और जनहित के प्रति उनकी प्रतिबद्धता से जिले के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
अपने सामाजिक जीवन के अनुभवों का उल्लेख करते हुए डॉ. विभय कुमार झा ने कहा कि उनके अनुसार मधुबनी में जिलाधिकारी के रूप में कार्य करने वाले अधिकारियों में कपिल अशोक शीर्षत ऐसे अधिकारी रहे हैं, जिन्होंने जिले के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए। उनके कार्यों के कारण आज भी लोग उन्हें याद करते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों का जनहित में किया गया काम लंबे समय तक लोगों के बीच उनकी पहचान बनाए रखता है। इसी तरह वर्तमान जिलाधिकारी आनंद शर्मा भी यदि जनहित और विकास को प्राथमिकता देते हुए आगे बढ़ते हैं, तो इसका सकारात्मक प्रभाव जिले पर पड़ेगा।
एक सवाल के जवाब में डॉ. विभय कुमार झा ने जिले के सभी लोगों और राजनीतिक दलों के नेताओं से अपील की कि जिला प्रशासन या जिलाधिकारी के किसी भी प्रशासनिक निर्णय और कार्य को व्यक्तिगत मान-सम्मान का मुद्दा नहीं बनाया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा, “हम सभी मधुबनी के हैं और हमारा उद्देश्य भी मधुबनी का विकास होना चाहिए। यदि हम सभी मिलकर सकारात्मक सोच के साथ काम करेंगे, तो जिले के विकास को नई दिशा दी जा सकती है।”
डॉ. झा ने कहा कि विकास के मुद्दों पर राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हो सकते हैं, लेकिन जनहित और जिले के विकास को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और समाज के विभिन्न वर्गों के बीच बेहतर समन्वय से विकास कार्यों को और गति दी जा सकती है।
डॉ. विभय कुमार झा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समय-समय पर मधुबनी सहित पूरे मिथिला क्षेत्र के विकास को लेकर नई योजनाओं और संभावनाओं पर चर्चा करते रहे हैं। ऐसे में मधुबनी के लोगों की भी जिम्मेदारी है कि वे विकास की इस यात्रा में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य में मधुबनी का योगदान भी सुनिश्चित करना होगा। इसके लिए प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों को मिलकर काम करने की आवश्यकता है।
उन्होंने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयास और सकारात्मक सोच के साथ मधुबनी जिले को विकास के नए आयामों तक पहुंचाया जा सकता है।



