
MADHUBANI:- उर्वरक की कालाबाजारी और जमाखोरी के खिलाफ जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 43 बैग अवैध उर्वरक जब्त
मधुबनी- 27 जुलाई। जिले में उर्वरक के भंडारण, वितरण एवं बिक्री में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा कालाबाजारी, जमाखोरी एवं अधिक मूल्य पर बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी आनंद शर्मा के निर्देश के आलोक में जिले में लगातार सघन निरीक्षण एवं छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 24 जुलाई 2026 को गुप्त सूचना के आधार पर फुलपरास प्रखंड कृषि पदाधिकारी सुमन कुमार एवं कृषि समन्वयक-सह-उर्वरक निरीक्षक मनोरंजन कुमार ने जिला कृषि पदाधिकारी,मधुबनी के निर्देशानुसार संयुक्त रूप से फुलपरास थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम फुलकाही,पंचायत महथौर खुर्द, मुरली चौक वार्ड संख्या-17 स्थित परमानंद कुमार की किराना दुकान पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान बिना वैध अनुज्ञप्ति के DAP, NPK, UREA सहित अन्य उर्वरकों के कुल 43 बैग (2.115 मीट्रिक टन) अवैध रूप से भंडारित पाए गए। जांच के उपरांत सभी अवैध उर्वरकों को तत्काल जब्त कर लिया गया। इस मामले में प्रखंड कृषि पदाधिकारी, फुलपरास द्वारा उर्वरक (नियंत्रण) आदेश,1985 के सुसंगत प्रावधानों के अंतर्गत फुलपरास थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। इस संबंध में कांड संख्या-324/26, दिनांक 24 जुलाई 2026 अंकित किया गया है।
जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने स्पष्ट किया है कि किसानों के हितों के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उर्वरकों की कालाबाजारी, जमाखोरी, अवैध भंडारण अथवा निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर बिक्री करने वालों के विरुद्ध विधिसम्मत एवं कठोर कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी। जिला प्रशासन किसानों को समय पर उचित मूल्य पर उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।



