
MADHUBANI:- शराब माफिया को पकड़ने गई पुलिस पर हमला, गाड़ी में तोड़फोड़, पुलिस की कार्रवाई में कई गिरफ्तार
मधुबनी- 16 जुलाई। घोघरडीहा थाना क्षेत्र के विक्रमरही गांव में बुधवार देर रात्रि शराब माफिया की गिरफ्तारी के लिए पहुंची पुलिस टीम पर कथित तौर पर हमला कर दिया गया। इस दौरान पुलिस वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। घटना में कुछ पुलिसकर्मियों को मामूली चोटें आई हैं। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने कई लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपितों की तलाश में छापेमारी जारी है।
पुलिस के अनुसार, शराब तस्करी के एक नामजद आरोपित के गांव में मौजूद होने की सूचना पर घोघरडीहा थाना की टीम कार्रवाई के लिए पहुंची थी। इसी दौरान पुलिस और वहां मौजूद लोगों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते झड़प में बदल गई। आरोप है कि भीड़ ने पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की और सरकारी वाहन को नुकसान पहुंचाया। अतिरिक्त पुलिस बल के पहुंचने तक अधिकांश आरोपित मौके से फरार हो चुके थे।
घटना के संबंध में ग्रामीणों का दावा है कि गांव में शराब तस्करी के आरोपितों के परिवार में आयोजित एक वर्षी भोज के दौरान पुलिस पहुंची थी। इसी दौरान एक आरोपित को पकड़ने की कोशिश हुई, जिसके बाद विवाद बढ़ गया और मौजूद लोगों ने पुलिस पर हमला कर दिया।
गौरतलब है कि जून महीने में इसी गांव से करीब 1700 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गई थी। उस मामले में महेश कुमार यादव,अवधेश कुमार यादव,उनके पिता मोहन यादव समेत 14 लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया था। पुलिस के अनुसार, महेश यादव के खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में शराब तस्करी से जुड़े लगभग एक दर्जन मामले दर्ज हैं।डीएसपी अमित कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस पर हमले के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक कार्रवाई में गिरफ्तारियां की गई हैं और अन्य आरोपितों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
इधर घटना के समय पुलिस से जुड़े कुछ कर्मियों के भोज में मौजूद होने की चर्चा पर एसडीपीओ ने कहा कि मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



