
मधुबनी- 16 जुलाई। जवाहर नवोदय विद्यालय, रांटी (मधुबनी) के प्राचार्य डॉ. प्रमोद कुमार ने कक्षा-6 में प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस संबंध में जारी प्रेस विज्ञप्ति में उन्होंने बताया कि प्रवेश के लिए चयन प्रक्रिया नवोदय विद्यालय परीक्षा समिति के निर्धारित नियमों के अनुसार संपन्न होगी।
प्राचार्य ने बताया कि आवेदन करने वाले अभ्यर्थी का सरकारी अथवा सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालय से कक्षा-3 एवं कक्षा-4 उत्तीर्ण होना तथा मधुबनी जिले के किसी विद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के दौरान कक्षा-5 में अध्ययनरत होना अनिवार्य है। साथ ही अभ्यर्थी मधुबनी जिले का स्थायी निवासी होना चाहिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जो अभ्यर्थी पूर्व में जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा में शामिल हो चुके हैं, वे वर्ष 2026-27 की इस चयन परीक्षा के लिए पात्र नहीं होंगे। अभ्यर्थी की जन्मतिथि 1 मई 2015 से 31 जुलाई 2017 के बीच होनी चाहिए।
ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। इच्छुक अभ्यर्थियों को अपने विद्यालय के प्रधानाध्यापक से सत्यापित आवेदन के आधार पर नवोदय विद्यालय परीक्षा समिति की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन अपलोड करना होगा।
प्राचार्य डॉ. प्रमोद कुमार ने सभी पात्र छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों से समय सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की है, ताकि योग्य अभ्यर्थी इस सुनहरे अवसर का लाभ उठा सकें। साथ ही किसी प्रकार की कठिनाई को लेकर नवोदय विद्यालय के नामांकन प्रभारी अखिलेश झा से संपर्क करने की भी अपील किया हैं।



