विश्व

रूस के हमले में यूक्रेन में 11 की मौत, 46 जख्मी

कीव/मॉस्को- 06 जुलाई। तुर्किये में मंगलवार को होने वाले उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) के दो दिवसीय शिखर सम्मेलन से पहले रविवार रात से सोमवार सुबह तक रूस के हमले में यूक्रेन की राजधानी कीव समेत कई इलाकों में जानमाल की भारी क्षति हुई है। रूसी हमलों में यूक्रेन के 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 46 लोग जख्मी हैं। रूस का दावा है कि उसने यूक्रेन के सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया, जबकि यूक्रेन ने रूस के कब्जे वाले क्षेत्रों और इलाकों में ड्रोन हमले का दावा किया।

तुर्किए की सरकारी संवाद समिति अनाडाेलू एजेंसी तथा फ्रांस के समाचार टेलीविज़न नेटवर्क फ्रांस24 के अनुसार रूस के रक्षा मंत्रालय ने सोमवार को जारी बयान में कहा कि उसकी सेना ने रातभर में 613 यूक्रेनी ड्रोन मार गिराए; ये हमले बंदरगाह और तेल से जुड़े बुनियादी ढांचे को निशाना बनाकर किए गए थे।दूसरी ओर, कीव के मेयर विटाली क्लिट्स्को ने बताया कि रातभर हुए मिसाइल और ड्रोन हमलों के दौरान एयर डिफेंस द्वारा मार गिराए गए हथियारों का मलबा शहर के कई हिस्सों में गिरा, जिससे आग लग गई और कई इमारतों को नुकसान पहुंचा। उन्होंने कहा कि राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है।

इसके अलावा, रूस का दावा है कि कीव और आसपास के क्षेत्रों में ड्रोन और रडार उपकरण बनाने वाले संयंत्र, सेना को ईंधन उपलब्ध कराने वाली भंडारण सुविधा, आर्टिलरी बोट बनाने वाला शिपयार्ड, एयर डिफेंस सिस्टम और ड्रोन की मरम्मत करने वाला प्लांट तथा नेपच्यून-एमडी मिसाइलों से जुड़े उत्पादन केंद्रों को निशाना बनाया गया। इसके साथ ही बख्तरबंद वाहनों, मिसाइलों और ड्रोन के लिए गोला-बारूद तैयार करने वाली फैक्ट्रियों तथा लंबी दूरी के ड्रोन निर्माण केंद्रों पर भी हमला किए जाने का दावा किया है।

उधर, यूक्रेन के जनरल स्टाफ ने कहा कि उसकी सेनाओं ने रूस के कब्जे वाले क्षेत्रों में जवाबी कार्रवाई की। यूक्रेन का दावा है कि एक हमले के कारण क्रीमिया के सेवस्तोपोल शहर में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।

रूस के लेनिनग्राद क्षेत्र के गवर्नर अलेक्जेंडर ड्रोज़्डेन्को के अनुसार यूक्रेनी ड्रोन ने लुगा सैन्य प्रशिक्षण केंद्र तथा उस्त-लुगा और विसोत्स्क बंदरगाहों को निशाना बनाया। रूसी एयर डिफेंस ने क्षेत्र के ऊपर 56 ड्रोन मार गिराए। हमलों में कुछ बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा, लेकिन किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। रूसी रक्षा मंत्रालय ने एक अन्य बयान में दावा किया कि उसकी एयर डिफेंस इकाइयों ने रातभर में मॉस्को, लेनिनग्राद, क्रीमिया और आज़ोव सागर समेत विभिन्न क्षेत्रों के ऊपर यूक्रेनी ड्रोन को मार गिराया।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button